चकिया तहसील परिसर में धरना देते लेखपाल। संवाद
चकिया । फतेहपुर के लेखपाल सुधीर कुमार की मौत के मामले में नाराजगी व्यक्त करते हुए लेखपालों ने संघ अध्यक्ष ऋषि कुमार सिंह के नेतृत्व में तहसील में शुक्रवार को धरना दिया। मुख्यमंत्री को संबोधित 6 सूत्री ज्ञापन उप जिलाधिकारी को सौंपा गया।
लेखपालों ने कहा कि अधिकारियों की संवेदनहीनता के कारण फतेहपुर के लेखपाल सुधीर कुमार की मौत हुई है।
मुख्यमंत्री को संबोधित पत्र में अवगत कराया कि लेखपाल सुधीर कुमार की शादी 26 नवंबर को थी वह छुट्टी के लिए अधिकारियों से लगातार निवेदन कर रहा था, किंतु एसआईआर कार्य के कारण छुट्टी नहीं दी गई और लेखपाल सुधीर शादी की व्यस्तता के कारण बैठक में उपस्थित नहीं हो सका। जिससे ईआरओ ने निलंबित करवा दिया था। तहसील के अधिकारियों ने एसआईआर पूरा करने की हिदायत में सेवा समाप्त करने को कहा था। जिस पर डिप्रेशन में आकर लेखपाल सुधीर ने आत्महत्या कर ली। लेखपालों ने आरोप लगाया है कि यह हत्या है और नामजद प्राथमिकी दर्ज होनी चाहिए।
लेखपालों ने मांग की कि पीसीएस अधिकारी संजय कुमार सक्सेना पर नामजद प्राथमिकी दर्ज हो, उनकी माता जी को 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाए, मृतक के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए कर्मचारियों के साथ संवेदनात्मक व्यवहार किया जाए।
धरने में धनंजय जायसवाल तहसील मंत्री, सुनील पांडेय, राजित वर्मा, गुलाब गोड़, आकाश चंद्र मौर्य, हरिओम शरण, सुजीत यादव, प्रभाकर शर्मा, सहित तमाम लेखपाल मौजूद थे।