पड़ाव। मुगलसराय कोतवाली अंतर्गत कटेसर गांव स्थित लॉन के समीप बुधवार सुबह पड़ाव रामनगर मार्ग पर ऑटो से गिरी पत्नी को बचाने दौड़े वृद्ध को वाहन ने कुचल दिया। वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई वहीं पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं।
दंपती प्रयागराज महाकुंभ से स्नान कर लौट रहे थे। वाराणसी से दोनाें ऑटो रिक्शा से रामनगर आ रहे थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया। वहीं वृद्ध के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इस घटना से मृतक के परिवार वालों में कोहराम मचा हुआ है।
अलीनगर के कटरिया गांव निवासी झिंगुरी यादव (64) पत्नी रुक्मिणी (59) के साथ मंगलवार सुबह घर से महाकुंभ गए थे। स्नान कर बुधवार की सुबह वाराणसी पहुंचे। यहां से ऑटो रिक्शा पर सवार होकर घर के लिए चले थे। ऑटो रिक्शा पड़ाव-रामनगर मार्ग पर कटेसर गांव में एक लॉन के समीप पहुंचे ही थे तभी ऑटो रिक्शा से पत्नी गिर पड़ी। पत्नी को बचाने के लिए झिंगुरी भी कूद पड़े। इसी बीच दूसरे तरफ से आने वाले वाहन ने कुचल दिया। झिंगुरी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद जब तक लोग जुटते वाहन वहां से भाग गया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने घायल को रामनगर स्थित लाल बहादुर शास्त्री चिकित्सालय में भर्ती कराया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने महिला को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। झिंगुरी यादव के परिवार में तीन बेटियां विमला (28), मीरा (26), अनीता (22) और दो बेटे अशोक यादव (22), आकाश यादव (18) है। इसमें से दो बड़ी बेटियों की शादी हो चुकी है। इस संबंध में सीओ पीडीडीयू नगर आशुतोष ने बताया कि सड़क दुर्घटना में वृद्ध की मौत हुई है। मुगलसराय कोतवाल विजय बहादुर सिंह की नेतृत्व में पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।