पड़ाव चौराहे पर बारिश के दौरान आवागमन करते लोग। संवाद
पीडीडीयू नगर। एक सप्ताह बाद मंगलवार को गुरुपूर्णिमा की पूर्व संध्या पर दोपहर में एक घंटे तक झमाझम बारिश हुई। बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। बारिश से तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की कमी आई। हालांकि जल निकासी की अच्छी व्यवस्था न होने से जगह-जगह लोगों को जल भराव की समस्या झेलनी पड़ी।
इस वर्ष मानसून मानो रूठ गया है। आषाढ़ माह में भरपूर पानी नहीं बरसा है। एक सप्ताह बाद मंगलवार की दोपहर बाद एक घंटे तक झमाझम बारिश हुई। झमाझम बारिश से अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट आई। मंगलवार को अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहा। इससे पहले सोमवार को अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहा। पानी बरसने से पीडीडीयू नगर के अलीनगर, चंदासी सहित विभिन्न वार्डों में जल भराव की स्थिति पैदा हो गई। हालांकि बारिश से लोगों को राहत मिली है। धीना प्रतिनिधि के अनुसार धानापुर विकास खंड के रैथा गांव की यादव बस्ती में सोमवार को हुई मूसलाधार बारिश के बाद जलनिकासी की व्यवस्था चरमरा गई। निकासी का समुचित प्रबंध नहीं होने से गांव की गलियां तालाब में तब्दील हो गईं और बरसात का पानी कई ग्रामीणों के घरों में घुस गया। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गांव के सोनू यादव, ओमप्रकाश यादव, राजेंद्र यादव व भोनू यादव ने बताया कि गांव में जलनिकासी की कोई समुचित व्यवस्था नहीं है। इस संबंध में खंड विकास अधिकारी धानापुर राकेश मिश्र ने बताया कि मामला उनकी संज्ञान में नहीं है। उन्होंने कहा कि कल मौके पर टीम भेजकर जांच कराई जाएगी और आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।पड़ाव प्रतिनिधि के अनुसार गुरु पूर्णिमा के पूर्व संध्या पर हुई जोरदार बारिश के कारण विभिन्न गांवों की गलियों में जहां एक तरफ पानी भर गया, वहीं स्थानीय चौराहे के चारों तरफ मार्ग पर भी पानी भर गया।