पीडीडीयू नगर। कोरोना संक्रमण को लेकर प्रदेश सरकार की ओर से तमाम निर्देश दिए जा रहे है लेकिन जिले के स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगातार लापरवाही बरती जा रही है। पीडीडीयू नगर में कोरोना की रिपोर्ट आने के एक दिन बाद शुक्रवार को संक्रमितों को लेने के लिए एंबुलेंस पहुंची। स्वास्थ्य विभाग की इस लापरवाही को लेकर लोगों में नाराजगी है। लोगों ने आरोप लगाया कि एक ओर से जहां बेहतर व्यवस्था का दावा किया जा रहा है वहीं दूसरी तरफ संक्रमितों को समय से ले जाने के लिए एंबुलेंस तक उपलब्ध नही है।
नगर में लोगों की कोरोना संक्रमण की जांच की गई थी। जिसकी रिपोर्ट बुधवार को आधी रात के बाद आई। इसमें जिले में 101 संक्रमित मिले थे। जिसमें से 65 पीडीडीयू नगर से थे और इसमें से भी 35 मैनाताली के रहने वाले थे। रिपोर्ट आने के बाद बृहस्पतिवार को संक्रमितों को स्वास्थ्य विभाग की ओर से सूचना दी गई कि सभी अपना बैग पैक कर अस्पताल जाने को तैयार रहें। जिसपर लोगों ने अपनी तैयारी कर ली। बृहस्पतिवार दिनभर संक्रमित एंबुलेंस का इंतजार करते रहे लेकिन एंबुलेंस नहीं आई। लगभग चालीस घंटे के बाद शुक्रवार की दोपहर एंबुलेंस के पहुंचे के बाद संक्रमितों को अस्पताल ले जाया गया। इस संबंध में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. डीके सिंह ने बताया कि एल वन अस्पताल रेंवसा में कमियों को दूर करने में समय लग गया जिससे मरीजों को नहीं लाया जा सका था। 13 एंबुलेंस भेजकर सभी मरीजों को घर से अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया है।