इलिया। थाना क्षेत्र के परमंदापुर बाजार में फोन-पे के जरिए फर्जी भुगतान दिखाकर ठगी करने का मामला सामने आने के बाद व्यापारियों में खलबली मच गई है। दुकानदारों का आरोप है कि बरियारपुर गांव के कुछ युवक लंबे समय से दुकानों से सामान खरीदने के बाद मोबाइल पर फर्जी ट्रांजैक्शन स्क्रीन दिखाकर बिना भुगतान सामान ले जा रहे थे। कई बार उन्होंने नकद रुपये भी हड़प लिए।
शुक्रवार की शाम मामला उस समय खुला जब बरियारपुर गांव के चार युवक एक परचून की दुकान पर पहुंचे। उन्होंने सामान लेने के बाद फोन-पे से भुगतान करने का दावा किया और मोबाइल पर ट्रांजैक्शन स्क्रीन दिखाकर दुकानदार से नगदी भी ले ली। बाद में खाते की जांच करने पर भुगतान न होने की पुष्टि हुई।
घटना के बाद बाजार के दुकानदार एकजुट होकर थाना इलिया पहुंचे और सामूहिक तहरीर दी। तहरीर में कुछ लोगों पर फर्जी फोन-पे ट्रांजैक्शन दिखाकर ठगी करने का आरोप लगाया गया है। थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ साक्ष्य मिलने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।