विश्व एड्स दिवस के अवसर पर मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग द्वारा सदर ब्लाक
परिसर से जागरूकता रैली निकाली गई। मुख्य चिकित्साधिकारी डा. आरएन सिंह ने
रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इसमें शामिल स्वास्थ्य
अधिकारियों और आशा और एएनएम कार्यकर्ताओं ने पूरे नगर का भ्रमण करते हुए
लोगों को एड्स जैसी जानलेवा बीमारी के प्रति जागरूक किया। जिला चिकित्सालय
पहुंच रैली का समापन हो गया।
इस अवसर पर सीएमओ ने कहा कि एड्स एक
जानलेवा बीमारी है।
इसकी रोकथाम क लिए लोगों में जागरूकता होनी चाहिए। कहा
कि नियमित दवा, संयम और योगासनों से एड्स पर काबू पाया जा सकता है लेकिन
जरूरत है तो सही समय पर इलाज की।
लेकिन एड्स पीड़ित इसे स्वीकार करने में
कतराते हैं और जानलेवा स्थिति तक पहुंच जाते हैं।
एचआईवी एक वायरस है। जब
यह शरीर में प्रवेश करता है, तो उस अवस्था को एचआईवी पाजिटिव कहा जाता
है। इसकी जद में आने के बाद शरीर में रोग प्रतिरोधक क्षमता कम होने लगती
है और शरीर कई बीमारियों की चपेट में आ जाता है।
बताया कि असुरक्षित यौन
संबंध बनाने से , संक्रमित खून से, संक्रमित सुई के प्रयोग से एचआईवी
वायरस लोगों के शरीर में प्रवेश करता है।
नगर भ्रमण के दौरान रैली में
शामिल स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने लोगों को एचआईवी की जांच के प्रति
जागरूक किया।