उत्तर प्रदेश और बिहार की सीमा पर स्थित गुरवट नदी पर पुल निर्माण की मांग को लेकर सोमवार को नौगढ़ विकासखंड की सेमर साधोपुर ग्राम पंचायत में आमसभा हुई। इसमें दोनों प्रदेशों के जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने पथरौर गांव को बिहार के झरिया गांव से जोड़ने के लिए नदी पर पुल निर्माण कराने पर सहमति जताई।
विज्ञापन
आमसभा में बिहार सरकार के अल्पसंख्यक मंत्री जमा खां और चकिया विधायक कैलाश आचार्य मौजूद रहे। ग्रामीणों ने कहा कि गुरवट नदी पर पुल बनने से सीमावर्ती गांवों के लोगों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी। इससे दोनों प्रदेशों के बीच संपर्क भी बेहतर होगा।
विधायक कैलाश आचार्य ने कहा कि पुल निर्माण से क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस मांग को लेकर मुख्यमंत्री से मुलाकात कर निर्माण की पहल करेंगे। आमसभा में दोनों प्रदेशों के सीमावर्ती गांवों के ग्रामीण और गणमान्य लोग मौजूद रहे।