मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के जिला कार्यालय बुद्धनगर में मंगलवार को आदिवासी समाज के महान क्रांतिकारी बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती मनाई गई। इस दौरान उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। साथ ही आदिवासी समाज के जल, जंगल और जमीन के अधिकारों की रक्षा का संकल्प लिया गया।
पार्टी के केंद्रीय कमेटी सदस्य डॉ. हीरालाल यादव ने कहा कि बिरसा मुंडा ने अंग्रेजी हुकूमत और जमींदारों के खिलाफ संघर्ष कर आदिवासी समाज के अधिकारों की लड़ाई लड़ी थी। महज 24 वर्ष की आयु में अन्याय के खिलाफ उनका संघर्ष आज भी प्रेरणा देता है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान भाजपा सरकार नए कानूनों के माध्यम से आदिवासियों को उनके पारंपरिक अधिकारों से वंचित कर रही है। ऐसे में बिरसा मुंडा के विचारों से प्रेरणा लेकर संवैधानिक और पारंपरिक अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होना होगा। इस दौरान जिला मंत्री शंभूनाथ सिंह, राज्य कमेटी सदस्य लालमनी विश्वकर्मा, राजेंद्र सिंह, जयनाथ, रघुनाथ विश्वकर्मा और डॉ. बलरामपुरी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।