पीडीडीयू नगर। शराब तस्करों ने तरीका बदल दिया है। युवाओं की जगह अब महिलाएं शराब तस्करी में आगे आई हैं। पिछले एक सप्ताह में दस से अधिक महिलाएं शराब तस्करी के आरोप में गिरफ्तार हुई हैं। देखने में ये सभी महिलाएं उच्चवर्ग की शालीन लग रहीं थीं। ये 25 से 30 वर्ष की आयु की थीं
बिहार में शराब बंदी के बाद से सीमावर्ती राज्य यूपी में शराब तस्करी को लघु उद्योग का रूप ले चुकी है। माफियाओं का प्रयास होता है कि किसी भी तरह से शराब बिहार भेजा जाए। सड़क मार्ग के साथ ही ट्रेनों के माध्यम से शराब तस्करी हो रही है। इसका मामला सांसद तक उठा चुका हैं। पिछले दिनों प्रशासन गंभीर हुआ और क्राइम ब्रांच और अलीनगर पुलिस ने संयुक्त रूप से परशुरामपुर में छापा मारकर अवैध ढंग से संचालित शराब गोदाम का खुलासा किया था। यही नहीं पटना जीआरपी के एएसपी ने पीडीडीयू जंक्शन पर पहुंच कर आस पास के दुकानों की जांच की थी। इसके बाद से शराब तस्करी पर कुछ लगाम लगी है लेकिन तस्करों ने तरीका बदल दिया और महिलाएं शराब तस्करी करने लगीं हैं।
एक सप्ताह के भीतर स्टेशन ने 10 महिलाओं को शराब तस्करी के आरोप में पकड़ा गया है। ये सभी 25 से 30 वर्ष के आयु वर्ग की हैं और विवाहिता हैं। देखने में ये सभी उच्चवर्ग की शिक्षित महिलाएं लग रहीं थी। लेकिन ये सभी आर्थिक रूप से कमजोर परिवार की हैं और बिहार के विभिन्न जिलों की रहने वाली हैं। जिन्हें शराब माफिया एक कोरियर के रूप में इस्तेमाल कर रहे हैं सभी ने हैंड बैग या पीट्ठू बैग प्रयोग किया। ये यात्रियों से बहुत शालिनता के साथ घुल मिल जाती हैं। देखने में यह नहीं लगता कि ये शराब तस्कर हैं।
12 अप्रैल को अलीनगर पुलिस ने शराब तस्करी के आरोप में पांच महिलाओं को गिरफ्तार किया था। वहीं 16 मई को जीआरपी ने दो महिलाओं को शराब के साथ गिरफ्तार किया। वहीं 17 अप्रैल को भी दो महिलाओं को जीआरपी ने पकड़ा। इस संबंध में जीआरपी पीडीडीयू के प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह ने बताया कि शराब तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस से बचने के लिए अब महिलाएं शराब तस्करी कर रही हैं। इन पर भी सतर्क नजर है और उन्हें गिरफ्तार किया जा रहा है।
तस्करी कर ले जा रहे 12 हजार की शराब के साथ दो महिला सहित पांच गिरफ्तार
पीडीडीयू नगर। जीआरपी, आरपीएफ और सीआईबी ने पीडीडीयू जंक्शन से बृहस्पतिवार को अलग अलग समय पर 12 हजार रुपये के शराब के साथ दो महिला सहित पांच को गिरफ्तार किया गया है।
जीआरपी पीडीडीयू के प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह ने बताया कि शराब तस्करों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बृहस्पतिवार को पीडीडीयू जंक्शन के सर्कुलेटिंग एरिया में स्थित एक्सीलेटर के पास से दो महिलाओं के पास से अंग्रेजी शराब बरामद किया। गिरफ्तार मिथिलेश्वर देवी निवासी ग्राम हसनपुर वागर थाना नाकोटी वागर, बेगूसराय बिहारऔर सुनीता देवी निवासी चंद्रपुरा, बेगुसराय बिहारका चालान किया गया। बरामद शराब की कीमत 2419 रुपये है।
इसी तरह बृहस्पतिवार की दोपहर बाद प्लेटफार्म संख्या एक और दो पर लाइन शहीद बाबा की मजार के पास से तीन युवकों को 37.8 लीटर देशी और अंग्रेजी शराब बरामद की। गिरफ्तार राजू कुमार निवासी बासोबागी, बाढ़, पटना, बिहार, विक्की कुमार निवासी बनाटपुर दिलदारगंज, पटना बिहार और विकास कुमार उर्फ विक्की निवासी बासो बागी, बाढ़ पटना बिहार का चालान किया गया है। इनके पास से बरामद शराब की कीमत 9792 रुपये है।