चंदौली जिले की मुगलसराय कोतवाली पुलिस पर अवैध वसूली के लगे आरोप की आंच अभी पूरी तरह से ठंडी भी नहीं हुई थी कि शनिवार को सोशल मीडिया पर अब जिले भर की भांग की दुकानों से कथित वसूली की लिस्ट और एक ऑडियो वायरल हुआ है। आईजी नागरिक सुरक्षा अमिताभ ठाकुर ने इस लिस्ट की जांच कर कार्रवाई के लिए यूपी पुलिस, एडीजी और आईजी वाराणसी व चंदौली पुलिस को ट्वीट कर मांग की है।
आईजी अमिताभ ठाकुर ने ट्वीटर पर एक वसूलीकर्ता का भी जिक्र किया है। इस लिस्ट में फुगईयां, पुरवा, बलुआ, मोहरगंज, डेढ़ावल चौकी, धीना, कंदवा, अरंगी, तलासपुर मोड़, सैयदराजा आदि क्षेत्र में स्थित भांग की दुकानों और उससे वसूूली जाने वाली राशि का जिक्र है। लिस्ट के जारी होने के बाद से विभाग में एक फिर से हड़कंप मच गया है।
इसके पूर्व में मुगलसराय कोतवाली की एक वसूली की लिस्ट वायरल हुई थी। इसे भी अमिताभ ठाकुर ने ट्वीट किया था और कार्रवाई किए जाने की जरूरत बताई थी। बाद में मामले की जांच में आरोपों की विजिलेंस ने भी पुष्टि की थी।