नियामताबाद। अलीनगर थाना क्षेत्र के गोधना हाईवे स्थित एक निजी हॉस्पिटल में रविवार की देर रात एक महिला की मौत के बाद परिजनों ने हंगामा किया। हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया। बबुरी थाना क्षेत्र के जरखोर निवासी सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी राममूरत राम की पत्नी लक्ष्मीना देवी(75) की तबीयत खराब होने पर उसे गोधना हाईवे स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
परिजनों का आरोप है कि लक्ष्मीना को हाई ब्लड प्रेशर की शिकायत पर सुबह अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पूरे दिन उनकी तबीयत में सुधार था लेकिन रात करीब 8 बजे अचानक उनकी हालत बिगड़ गई। हालत बिगड़ने पर डॉक्टरों ने रेफर करने की बात कही लेकिन कुछ ही देर बाद महिला की मौत हो गई।
मौत की सूचना मिलते ही गुस्साए परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया। परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना था कि समय पर उचित इलाज नहीं मिलने के कारण ही लक्ष्मीना की जान गई।
अलीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद मिश्रा ने बताया कि अस्पताल में हंगामे की सूचना मिली थी। हालांकि पीड़ित पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है, परिजनों ने उनका अंतिम संस्कार कर दिया। संवाद