डीएम से माफी मंगवाने के लिए प्रदर्शन करते अधिवक्ता
- फोटो : अमर उजाला
जन शिकायतों के निस्तारण के लिए शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान चंदौली के पीडीडीयू तहसील में हंगामा हो गया। महिला अधिवक्ता के साथ अभ्रदता का आरोप लगाते हुए अधिवक्ताओं ने प्रदर्शन शुरू कर दिया।
पीडीडीयू तहसील में जिलाधिकारी संजीव सिंह, एसपी अमित कुमार सहित अन्य अधिकारी सुनवाई कर रहे थे। इसी बीच अधिवक्ताओं ने विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। रोकने पर प्रशासन और अधिवक्ताओं के बीच नोकझोंक हो गई। एक महिला अधिवक्ता ने जिलाधिकारी पर ही अभ्रदता का आरोप लगाते हुए धरने पर बैठ गई।
समर्थन में दर्जनों अधिवक्ताओं ने तहसील का मुख्य दरवाजा बंद कर दिया और वहीं धरना- प्रदर्शन पर बैठ गए। खबर लिखे जाने तक अधिवक्ताओं का प्रदर्शन जारी है। डीएम, एसपी और अन्य अधिकारी तहसील में ही हैं। अधिवक्ताओं की मांग है कि जब तक डीएम आकर माफी नहीं मांगते तब तक उन्हें नहीं जाने दिया जाएगा। बता दें कि जिले में न्यायालय भवन, विकास भवन आदि के निर्माण की मांग को लेकर अधिवक्ताओं द्वारा लगातार प्रदर्शन किया जा रहा है।