डिस्ट्रिक्ट डेमोक्रेटिक बार एसोसिएशन व सिविल बार एसोसिएशन के संयुक्त
तत्वावधान में अधिवक्ताओं ने शुक्रवार को पांच सूत्रीय मांगों के समर्थन
में सदर कचहरी में धरना-प्रदर्शन किया।
इस दौरान वकीलों ने जिला
मुख्यालय भवन निर्माण में तेजी लाने समेत सदर कचहरी परिसर में व्याप्त
दुश्वारियों को दूर करने की मांग की और जिला प्रशासन के खिलाफ जमकर
नारेबाजी की।
इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि सदर कचहरी परिसर की समुचित
साफ-सफाई नहीं होने से अधिवक्ताओं व वादकारियों को तमाम तरह की दिक्कतों का
सामना करना पड़ता है। पेजयल व्यवस्था नहीं होने के कारण गर्मी के मौसम में
अधिवक्ताओं और जनता का हाल बेहाल हो जाता है। वाहन स्टैंड नहीं होने के
कारण वाहनों के खड़ा करने में तमाम तरह की दिक्कतें आती हैं।
अधिवक्ता व
वादकारी अपने वाहनों को सड़क किनारे और कचहरी परिसर में इधर-उधर खड़ा करने
को मजबूर हैं। जिससे अक्सर आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इन
समस्याओं के निराकरण के लिए कई बार अधिवक्ताओं ने आवाज बुलंद की, लेकिन
समस्याओं का निराकरण नहीं हो पाया।
कहा कि खतौनी दाखिल खारिज तथा वरासत के
मामलों को तत्काल निस्तारित किया जाए। जिला मुख्यालय भवन का निर्माण धीमी
गति से हो रहा है। जनहित को ध्यान में रखते हुए मुख्यालय भवन के निर्माण
में गति देने की मांग की। इस दौरान अधिवक्ताओं ने जिला प्रशासन के विरोध
में जमकर नारेबाजी की।
जानकारी होते ही तहसीलदार सुक्रमा प्रसाद विश्वकर्मा
मौके पर पहुंचे और अधिवक्ताओं की समस्याओं को सुना। कहा, समस्याओं के
निराकरण का प्रयास किया जाएगा। इस मौके पर रणधीर सिंह, वीरेंद्र प्रताप
सिंह, मुरलीधर सिंह, जितेंद्र सिंह, राकेश रत्न तिवारी, अमरेंद्र प्रताप
सिंह आदि रहे।