धानापुर। स्थानीय थाने की पुलिस ने रविवार को क्षेत्र के नगवां घाट व मेढ़वां गांव के बीच से साढ़े तीन माह से युवक के गायब होने के मामले में वांछित चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया। मामले के एक अन्य आरोपी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
गुरैनी गांव निवासी आरोपी दशमी पर गांव के ही डोमन उर्फ गुड्डू गोंड के गायब होने में संलिप्तता का मुकदमा दर्ज था। गांव के तोहफा पांड़ेय के यहां चल रहे मकान के निर्माण में पिछले लगभग ढ़ाई माह से मजदूरी कर रहा डोमन बीते 27 जनवरी को अचानक लापता हो गया था। उसके परिजनों ने मामले में दशमी व उसके पुत्र पवन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस पवन को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। सीओ एके सिंह ने बताया कि पिता दशमी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसके पुत्र पवन को पिछले माह ही गिरफ्तार कर लिया गया था।