सैयदराजा। थाना क्षेत्र के मैढी अहलादपुर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से 100 मीटर की दूरी पर खेत मे रविवार की सुबह 12 वर्ष के बच्चे का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है। मैढी अहलादपुर ग्राम निवासी भीम साहनी का 12 वर्ष का बेटा आशू शनिवार की शाम से ही घर से गायब था। परिजनों ने बहुत तलाश किया पर वह कही नहीं मिला। बच्चे का शव खेत में मिलने की सूचना पर घर के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे तो देखा कि बच्चे के नाक से खून व गले में निशान था। जिसे खींचकर वहां लाया गया था। जिसकी सूचना सैयदराजा थाना प्रभारी को दी गई। मौके पर पहुंचे सैयदराजा थाना प्रभारी ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्यवाही में जुट गए। बच्चे की मौत के बाद परिवार में मातम छाया हुआ है। इस संबंध में सैयदराजा थाना प्रभारी लक्ष्मण पर्वत ने बताया कि एक बच्चे का शव मिला है। जिसके नाक से खून निकलने तथा बॉडी फूली हुई दिख रही है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की कार्यवाही की जा रही है।