कंदवा। क्रय केंद्र प्रभारी पर कार्रवाई की मांग को लेकर क्षेत्र के किसानों का एक प्रतिनिधि मंडल बुधवार की दोपहर जिला विपणन अधिकारी अनूप श्रीवास्तव से मिला। उन्होंने इमिलिया में खुले यूपी एग्रो क्रय केंद्र प्रभारी पर प्रति कुंतल पांच किलो कटौती किए जाने का आरोप लगाते हुए केंद्र प्रभारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। साथ ही मांगों के समर्थन में पत्रक सौंपा। जिला विपणन अधिकारी ने प्रतिनिधिमंडल को जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
जिला विपणन अधिकारी को सौंपे प्रार्थना पत्र में किसानों ने आरोप लगाया है कि इमिलिया में खुले यूपी एग्रो के क्रय केंद्र पर सरकार द्वारा तय मूल्य पर अपना धान बेचा था और प्रति कुंतल की दर से पल्लेदारी भी दी थी। बावजूद इसके अब क्रय केंद्र प्रभारी द्वारा मनमाने ढंग से पांच किलो प्रति कुंतल कटौती कर रसीद दी जा रही है जो शासन की मंशा के विपरीत है। इसकी जांच कराकर केंद्र प्रभारीके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और कटौती किए गए धान का मूल्य किसानों को दिलाया जाए। ऐसा न किए जाने पर किसानों ने धरना-प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है। प्रतिनिधिमंडल में विनय सिंह, राधेश्याम सिंह, प्रदीप सिंह, उमेश सिंह, मनोज सिंह शामिल रहे।