अलीनगर पुलिस के गिरफ्त में ठगी का आरोपी। स्रोत:-जागरूक पाठक
एमएलसी टिकट दिलाने के नाम पर 17 लाख 22 हजार रुपये की ठगी करने के मामले में अलीनगर पुलिस ने आरोपी चंद्रबहादुर मौर्य को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पद दिलाने का झांसा देकर महिला से रकम ली थी। पैसे वापस मांगने पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। अलीनगर थाना क्षेत्र के कैली गांव निवासी रीता चिरई ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया था कि भदोही जिले के पिपरी गांव निवासी चंद्रबहादुर मौर्य ने एमएलसी पद दिलाने के नाम पर उनसे कुल 17 लाख 22 हजार रुपये लिए। बाद में जब उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी ने कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
मामले में पुलिस ने रीता चिरई की तहरीर के आधार पर सात दिसंबर 2025 को अलीनगर थाने में प्राथमिकी दर्ज किया था। प्राथमिकी में धोखाधड़ी, गबन, गाली-गलौज, धमकी समेत अन्य आरोप लगाए गए थे। पुलिस मामले की विवेचना कर रही थी। पुलिस के मुताबिक सोमवार को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर अलीनगर पुलिस टीम ने सुबह करीब 8:05 बजे गंजीप्रसाद तिराहे के आगे जीटीआर पुल की बायीं पटरी के पास से आरोपी चंद्रबहादुर मौर्य (41) को गिरफ्तार कर लिया। प्रभारी निरीक्षक गगन राज सिंह ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।