चंदौली। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से वंचित किसानों को भी योजना का लाभ मिलने की उम्मीद जग गई है। कृषि विभाग ने मुख्यालय पर कंट्रोल रूम स्थापित करके किसानों को आधार नंबर और बैंक खाते में संशोधन का कार्य शुरू किया है। कंट्रोल रूम में तैनात कर्मचारी किसानों से फोन पर संपर्क करके उनकी समस्या का समाधान कर रहे हैं। पोर्टल पर किसान का डाटा अपडेट होने के बाद उनके बैंक खाते में पीएम सम्मान निधि का भुगतान किया जाएगा।
कृषि प्रधान जिले में किसान सम्मान निधि के तहत तकरीबन 1.80 लाख किसानों को योजना का लाभ मिल रहा है। जबकि तीस हजार से अधिक किसान आधार और बैंक खाता नंबर गलत होने के चलते लाभ से वंचित हैं। शासन ने लॉकडाउन के दौरान शत-प्रतिशत किसानों के खाते में धनराशि भेजने की योजना बनाई है। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर कृषि उपनिदेशक अमित जायसवाल ने मुख्यालय पर एक कंट्रोल रूम बनाया है। इसका नंबर 9120246269 है। कृषि उपनिदेशक अमित जायसवाल ने बताया कि कंट्रोल रूम में तैनात कर्मचारी फोन के माध्यम से किसानों से संपर्क कर रहे हैं। वहीं ज्यादातर लोग खुद फोन करके आधार और खाता नंबर देकर आवेदन को दुरुस्त करा रहे हैं।