सकलडीहा। नोनार तुलसी आश्रम स्टेशन के समीप बुधवार को बरौनी-अहमदाबाद ट्रेन से मुंबई जा रहे 20 वर्षीय युवक की ट्रेन से गिरकर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक की जेब से मिले आधार कार्ड और मोबाइल फोन से परिजनों को सूचना दी। शाम छह बजे कोतवाली पहुंचे परिजनों ने युवक की शिनाख्त की। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बिहार प्रांत के वैशाली जिले के सहदेई बुर्जुग थाना क्षेत्र के विक्रमपुर गांव निवासी स्व. बिरजू शाह के दो बेटे रौशन शाह और रितेश हैं। 20 वर्षीय रौशन मंगलवार की शाम चार बजे ही घर से निकल गए थे। वे बुधवार को दानापुर से बरौनी-अहमदाबाद ट्रेन से काम की तलाश में मुंबई जा रहे थे। तुलसी आश्रम नोनार गांव के समीप अचानक ट्रेन से गिर जाने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर क्षेत्रीय दरोगा शिवशंकर यादव पहुंच गए। उन्होंने युवक की जेब से मिले आधार कार्ड और मोबाइल फोन नंबर से परिजनों को सूचना दी। शाम छह बजे कोतवाली पहुंचे परिजनों ने युवक की शिनाख्त की। थाने पहुंचीं मां किरन देवी व भाई रितेश का रो-रोकर बुरा हाल हो रहा था। कोतवाल हरिनारायण पटेल ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।