पीडीडीयू नगर। राजगीर से नई दिल्ली जा रही श्रमजीवी एक्सप्रेस के जनरल कोच में गेट पर खड़े होकर यात्रा कर रहा युवक अचानक नीचे गिर पड़ा और सिर में चोट लगने से उसकी मौत हो गई। स्थानीय रेलवे स्टेशन के अप यार्ड आरआरआई केबिन के पास युवक के मौत की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।
अलीनगर थानाध्यक्ष अनिल कुमार पांडेय ने बताया कि शुक्रवार की देर शाम आरपीएफ मानसनगर पोस्ट को सूचना मिली कि पीडीडीयू स्टेशन के अप यार्ड आरआरआई केबिन के पास एक व्यक्ति घायल हाल में पड़ा है। इस सूचना पर एएसआई योगेंद्र बहादुर सिंह ने एंबुलेंस को सूचित किया और मौके पर पहुंचे। यहां रेलवे लोको अस्पताल से डॉ. राजीव कुमार पहुंचे और जांच कर युवक को मृत घोषित कर दिया। इस दौरान मौके पर मौजूद युवकों ने बताया कि मृतक उनका दोस्त गौरव कुमार (20) पुत्र ओमप्रकाश निवासी टड़वा, थाना परसाबाजार, जिला पटना बिहार था। हम सभी पटना से वाराणसी के लिए चले थे। सभी श्रमजीवी एक्सप्रेस ट्रेन के जनरल कोच में गेट पर थे। रेलवे यार्ड में ट्रेन ने झटका लिया और गौरव नीचे गिर गया और उसकी मौत हो गई। थानाध्यक्ष ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।