सकलडीहा। कस्बा स्थित अलीनगर तिराहे पर बुधवार को तीन घंटे तक लंबा जाम लगा रहा। इस दौरान सड़क की दोनों पटरियों पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। इससे राहगीरों के साथ अधिक्ताओं को परेशानी झेलनी पड़ी। अधिवक्ता अजय कुमार सिंह के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने एसडीएम कुंदन राज कपूर से मुलाकात कर समस्या से निजात दिलाने की मांग की है।
राहगीरों और अधिवक्ताओं ने एसडीएम से तिराहे पर पीडब्ल्यूडी की जमीन से अतिक्रमण हटाने और गोलंबर बनाने की मांग की है। अतिक्रमण हटने से तिराहे पर पर्याप्त जगह मिलेगी। अधिवक्ता शैलेंद्र पांडेय ने बताया कि अलीनगर तिराहे के दोनों ओर पीडब्ल्यूडी की जमीन पर अतिक्रमण होने से तिराहा संकरा हो गया है। वहीं पीडब्ल्यूडी जेई अमरदेव पाल ने बताया कि वहां कितनी जमीन पीडब्ल्यूडी की और कितनी ग्राम पंचायत की इसकी जानकारी ली जा रही है। जल्द ही अतिक्रमणकारियों को नोटिस दी जाएगी।