सैयदराजा। थाना क्षेत्र में दुधारी गांव में चोरी कर भाग रहे चोरों से गांव का एक किशोर भिड़ गया। उसने एक आरोपी को पकड़ लिया। अपने साथी को बचाने के लिए आरोपियों ने मोनू राम (17) की गोली मार कर हत्या कर दी। आरोपियों की संख्या पांच से छह के बीच थी। खेत में मोनू की आरोपियों से हाथापाई हुई। मोनू ने एक आरोपी को पकड़ लिया। गोली लगने के बाद भी उसने आरोपी को नहीं छोड़ा। शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीण पहुंचे तब तक अन्य आरोपी भागने में कामयाब रहे। ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया।
एडिशनल एसपी अनंत चंद्रशेखर ने सोमवार को बताया कि रविवार रात चोरों का गिरोह दुधारी गांव में घुसा। सबसे पहले गांव में रीना चौहान के घर में घुसकर मंगलसूत्र व कान की बाली और चांदी के जेवर चुराए। इसके बाद रीना के घर में रखी बांस की सीढ़ी लेकर आये और निरहु के घर में सीढ़ी के सहारे चढ़कर रूम में रखे बक्से में से 10 हजार रुपये की नकदी और सोने की चेन पर हाथ साफ किया। इसके बाद सीढ़ी के सहारे चोर मुन्ना राम के घर घुसे। जहां चोरों के आने की आहट पाकर परिजन उठ गये। पकड़े जाने के डर से चोर वहां से भागने लगे तभी गांव के रहने वाले मुन्ना के बेटे मोनू राम ने चोरोंं को दौड़ा लिया। कुछ दूर जाने के बाद मोनू ने एक चोर को पकड़ लिया। दोनों के बीच संघर्ष होने लगा। साथी को बचाने के लिए मोनू को गोली मार दी। गोली सीने पर लगी। मोनू की मौत हो गई। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने एक चोर को पकड़ लिया। जबकि उसके अन्य साथी फरार हो गये। घटना के बाद परिवार वाले उसे जिला चिकित्सालय ले गये, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही एसपी आदित्य लांग्हे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एडिशनल एसपी अनंत चंद्रशेखर ने बताया कि हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
-
गोली लगने के बाद भी मोनू की पकड़ से नहीं छूट पाया चोर
बक्सा चुरा कर ले जाते समय आरोपियों से मोनू भिड़ गया। 5 मिनट तक उसका संघर्ष हुआ। उसने एक को पकड़ भी लिया। खुद को फंसता देख आरोपियों ने उसे गोली मार दी। आरोपी को पकड़ से छूटने नहीं दिया। उधर, गोली की आवाज सुनकर गांव वाले दौड़कर मौके पर पहुंचे। लोगों के पहुंचने के पहले अन्य आरोपी भाग गए। हालांकि, लड़के ने एक आरोपी को पकड़े रखा। गांव वालों ने बदमाश को पकड़ लिया, बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया। फिर घायल लड़के को अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। संवाद
इनसेट-
जिले में 35 दिनों में 6 हत्याएं
-11 नवंबर : अलीनगर थाना खुलासा क्षेत्र के परोरवा गांव में राजकुमार भारती (20) की उसके ही दोस्त ने कुछ पैसे न देने पर तीन ईंटों से सिर कूंचकर हत्या कर दी।
-18 नवंबर: मुगलसराय के पीडीडीयू जंक्शन के सामने मेडिकल संचालक और दवा कारोबारी रोहिताश पाल (46) की 18 नवंबर की रात 10 बजे गोली मारकर हत्या कर दी।
-23 नवंबर : सैयदराजा के काजीपुर में रात 11 बजे बाइक साइड करने के मामूली विवाद में छह युवकों ने काजीपुर निवासी युवक पीयूष उर्फ छोटू (23) की लाठी-डंडे और शराब की खाली बोतल से पीट-पीटकर हत्या कर दी।
-30 नवंबर : मुगलसराय के मढिया गांव में बरात के दौरान स्कूटी पर बैठने के विवाद में संदीप यादव ने रोहित साहनी (23) की ईंट से कूंचकर हत्या कर दी।
-5 दिसंबर : सकलडीहा के नोनार तुलसी आश्रम स्टेशन के समीप अमड़ा पचखरी मार्ग पर एक व्यक्ति ने सड़क पर सही चलने के मामूली विवाद के बाद काराेबारी नोनार गांव निवासी ओमप्रकाश मौर्य उर्फ उमाशंकर (60) की लाठी डंडे से पीट कर हत्या कर दी।
मोनू, फाइलफोटो