नौगढ़। क्षेत्र के पोखरे के समीप चाय की दुकान पर उस समय अफरा तफरी मच गई जब एक सांप अचानक टिनशेड से गिरकर सीधा सफाईकर्मी की बाइक में घुस गया। लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद युवक ने डंडे की मदद से सांप को बाइक से बाहर निकाला। जंगल में छोड़ दिया। तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली।
अमृतपुर निवासी सफाईकर्मी राम आसरे ड्यूटी खत्म कर मंगलवार को चाय पीने पोखरे पर पहुंचे थे। जैसे ही वे दुकान पर रुके, वैसे ही दुकान पर लगे टिनशेड से सांप नीचे गिरा। इस दौरान वहां मौजूद दुकान मालिक अशोक केसरी सांप को देख डंडे से भगाने लगे। तब तक सांप बाइक के इंजन में जाकर छिप गया। सांप को देखने के लिए वहां लोगों की भीड़ जुट गई। लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद लोगों ने हिम्मत जुटाकर बाइक को स्टार्ट किया। एक युवक ने हिम्मत दिखाते हुए डंडे की मदद से उसे बाहर खींचा। बाद में लोगों ने जंगल की ओर छोड़ दिया।