पीडीडीयू नगर। पड़ाव से गोधना मोड़ तक सिक्सलेन सड़क को नगर क्षेत्र में फोरलेन किया जा रहा है। इसके विरोध में लोग नगर क्षेत्र में भी सिक्सलेन सड़क बनवाने की मांग कर रहे हैं। सिक्सलेन सड़क बनाने के लिए एक प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को जिलाधिकारी मिलकर मांगों के समर्थन में पत्रक सौंपा ।
प्रतिनिधिमंडल में शामिल संतोष कुमार पाठक ने कहा कि नगर का पंं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन प्रमुख रेलवे स्टेशन है। जहां काफी संख्या में लोग ट्रेन पकड़ने आते हैं। जाम की वजह से बहुत से लोगों की ट्रेन छूट जाती है। एंबुलेंस व बच्चों की स्कूली बसें भी घंटों जाम में फंसी रहती हैं। नगर क्षेत्र में भी सिक्सलेन सड़क बन जाने से जाम की समस्या से काफी हद तक निजात मिलेगी। हिमांशु तिवारी ने कहा कि फिलहाल चौड़ीकरण का कार्य रोक दिया जाना चाहिए व डीपीआर में संशोधन कर नगर में भी सिक्सलेन सड़क बनाई जानी चाहिए। प्रतिनिधिमंडल में अजय यादव गोलू, ललित शर्मा आदि शामिल रहे।