कोतवाली क्षेत्र के मुजफ्फपुर गांव की दलित बस्ती में मंगलवार की सुबह हैंडपंप मरम्मत के लिए पाइप निकालते समय हाईटेंशन तार से छू जाने से करेंट की चपेट में आकर एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से झुलस गया। झुलसे युवक को वाराणसी में बीएचयू ट्रामा सेंटर भेजा गया है।
गांव की दलित बस्ती में लगा हैंडपंप काफी दिनों से खराब था। ग्रामीणों की मांग पर प्रधान ने मंगलवार को हैंडपंप मरम्मत के लिए मिस्त्री भेजा था। सुबह साढ़े सात बजे भभौरा गांव का मिस्त्री पहुंच गया और गांव के युवकों को बुलाकर मरम्मत शुरू की। गांव के मृदुलमणि (16) और महेश (30) मिस्त्री का साथ दे रहे थे। मिस्त्री के कहने पर दोनों ने हैंडपंप की पाइप उखाड़नी शुरू कर दी। हैंडपंप के ऊपर से ही हाईटेंशन तार गुजरा हुआ था। पाइप निकालते उसका एक सिरा हाईटेंशन तार से छू गया और दोनों युवक करेंट की चपेट में आ गए। इस घटना से मौके पर खलबली मच गई। किसी तरह दोनों को छुड़ाया गया लेकिन तब तक मृदुल की मौत हो चुकी थी। ग्रामीणों ने झुलसे महेश को स्थानीय संयुत्त चिकित्सालय में भर्ती कराया। यहां डाक्टरों ने उसे वाराणसी ट्रामा सेंटर भेजा। सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सूचना पर संयुक्त चिकित्सालय में पहुंच कर तहसीलदार राकेश सिंह ने मृत किशोर के परिवार वालों को सांत्वना दी और मदद का भरोसा दिलाया।