चकिया जिला संयुक्त चिकित्सालय में मरीजों की जांच करते चिकित्सक। स्रोत:-जागरूक पाठक
- फोटो : Samvad
चकिया। दशहरे की छुट्टी के बाद बुधवार को जिला संयुक्त चिकित्सालय की ओपीडी खुलते ही मरीजों की भीड़ उमड़ पड़ी। दिनभर में 671 मरीजों ने चिकित्सकों से परामर्श लेकर उपचार कराया। इनमें 336 मरीज आभा एप से जुड़े थे। वहीं, करीब 110 मरीजों की पैथोलॉजी जांच की गई।
मौसम में उतार-चढ़ाव के कारण सर्दी-खांसी की शिकायत लेकर आने वाले मरीजों की संख्या अधिक रही। इसके अलावा हड्डी और दर्द संबंधी समस्याओं सहित अन्य बीमारियों से पीड़ित मरीज भी इलाज के लिए पहुंचे। चिकित्सकों ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें जरूरी दवाएं दीं और मौसमी बीमारियों से बचाव की सलाह दी।
स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सक डॉ. आरआर यादव ने लोगों को ठंड से बचने, साफ-सफाई रखने और स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी। जिला संयुक्त चिकित्सालय के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आरबी सिंह ने बताया कि छुट्टी के बाद ओपीडी खुलने पर 671 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उपचार किया गया। उन्होंने कहा कि शासन की ओर से उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं के अनुरूप मरीजों को उपचार मुहैया कराया जा रहा है।