धानापुर के सिहावल गांव में गो संरक्षण केंद्र का लोकार्पण करते ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह। संवाद
- फोटो : Samvad
धानापुर। विकासखंड के सिहावल गांव में नवस्थापित 400 क्षमता वाले गो संरक्षण केंद्र का सोमवार को वर्चुअल माध्यम से लोकार्पण किया गया। प्रदेश सरकार के पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह तथा पशुधन राज्यमंत्री ने लखनऊ स्थित पशुपालन विभाग निदेशालय, बादशाह बाग के सभागार से ऑनलाइन इसका उद्घाटन किया।
कार्यक्रम में पशुपालन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि नवनिर्मित गो संरक्षण केंद्र में 400 निराश्रित एवं बेसहारा गोवंशों के लिए सुरक्षित आश्रय की व्यवस्था की गई है। केंद्र की स्थापना का उद्देश्य क्षेत्र में घूम रहे निराश्रित गोवंशों का संरक्षण, समुचित देखभाल और बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित करना है।
उन्होंने बताया कि गो संरक्षण केंद्र का संचालन खंड विकास अधिकारी अथवा शासन की ओर से नामित किसी एनजीओ या फर्म के माध्यम से किया जाएगा। इससे गोवंशों के रखरखाव, चारा, चिकित्सा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जा सकेगा।
लोकार्पण कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह ने भी सहभागिता की। इस अवसर पर राजेश सिंह, विमल सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।