चंदौली। बार-बार ट्रांसफार्मर जलने से गुस्साए वार्ड नंबर चार अंतर्गत शंकर मोड़ के बाशिंदों ने रविवार को जले हुए ट्रांसफार्मर के समीप एकजुट होकर विभागीय अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। चेताया कि यदि सोमवार को ट्रांसफार्मर नहीं बदला, तो वे फिर से चक्काजाम करेंगे। विद्युत विभाग के अधिकारियों की लापरवाही से जनता में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
लोगों का आरोप है कि बिजली विभाग के लापरवाही के चलते जनता एक पखवारे से अंधेरे में हैं। विभागीय अधिकारी जनता की शिकायतों की ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। एक सप्ताह में विभाग की ओर से लगाए गए तीन ट्रांसफार्मर जल चुके हैं। विद्युत आपूर्ति ठप होने से लोगों को पेयजल के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता रहा है। बावजूद इसके विभागीय अधिकारी अलमस्त है। दो बार ट्रांसफार्मर में विस्फोट होने के बाद भी विभागीय अमला चेत नहीं रहा है। जिस तरह से ट्रांसफार्मर फूंका संयोग अच्छा रहा कि कोई हताहत नहीं हुआ। कहा कि विभागीय अधिकारियों की लापरवाही जनता अब किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी। यदि शीघ्र नया ट्रांसफार्मर लगाकर आपूर्ति बहाल नहीं की गई तो जनता पुन: सड़क पर उतरेगी। साथ ही डीएम से लोगों ने मांग किया कि वे बिजली विभाग के अधिकारियों की नकेल कसें, ताकि मुख्यालय को बेहतर बिजली मिल सके। प्रदर्शन के दौरान सोमारू बाबा, रिंकू गुप्ता, डब्ली सेठ, मुन्ना, चुल्लू, मोनू, भंटू, रिंकू तिवारी, भानु दूबे, संटू आदि उपस्थित रहे।