मुगलसराय। अलीनगर वार्ड में दो माह से बिजली दुर्व्यवस्था का दंश झेल रहे लोगों के सब्र का बांध आखिरकार रविवार को टूट गया। गुस्साए लोगों ने अलीनगर-लंका मार्ग को जाम कर विद्युत विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। फिर लोगों के समझाने के बाद जाम खत्म हो गया। वार्ड वासियों का आरोप था कि दो माह से अनियमित विद्युत आपूर्ति की जा रही है। सप्ताह में दो से तीन दिन विद्युत आपूर्ति होती है। यह रात्रि बारह बजे के बाद ही आती है। इसके चलते पेयजल का संकट गहरा गया है। विभागीय अधिकारी सब कुछ जानते हुए भी मौन हैं।
नगर पालिका के अंतर्गत वार्ड नंबर तेरह, दस और एक नई बस्ती के बाशिंदे पिछले दो माह से बिजली के लिये बिलबिला रहे हैं। बिजली का कोई शेड्यूल नहीं है। इस कड़ाके की ठंड में बिजली से महरूम वार्ड नंबर तेरह के लोग रविवार को लामबंद होकर नारेबाजी करते हुए अलीनगर-लंका मार्ग पर पहुंच गए और सड़क को लगभग आधे घंटे तक जाम कर दिया। विरोध प्रदर्शन कर रहे नागरिकों का कहना था कि सबसे अधिक आबादी वाले अलीनगर वार्ड की हमेशा से अनदेखी की जाती है। अनियमित विद्युत कटौती से पेयजल सहित तमाम समस्याओं को झेलने के लिए विवश होना पड़ रहा है। कहने को तो यह नगर पालिका में है, लेकिन सुविधाएं ग्रामीण अंचलों से भी बदतर होती जा रही हैं। बिजली नहीं मिलने के कारण पेयजल के लिए वार्डवासियों को परेशान होना पड़ रहा है। कड़ाके की ठंड में सुबह-सुबह लोग कुएं और हैंडपंपों पर पानी के लिये लाइन लगाने को पहुंच रहे हैं। कहा कि रात्रि में बारह बजे के बाद बिजली आती है और सुबह तड़के ही चली जाती है। इसकी शिकायत विद्युत अधिकारियों से की गई, तो उनका कहना था कि दो से तीन दिन में विद्युत व्यवस्था ठीक हो जाएगी। लेकिन उनका यह आश्वासन कोरा कागज साबित हो रहा है। इस अवसर पर दिग्विजय दुबे, शिवा यादव, सोनू पांडेय, राजा पांडेय, मनोज यादव, राजेश, अविनाश, गौरव पांडेय, करणीकांत दुबे, बेट्टू, पखंडू, गोलू यादव, सर्जुन, कल्लू, संतोष यादव, मुकेश, विजय कुमार, सुमित, शुभम, दीपक, सत्यम आदि उपस्थित रहे।
इनसेट
टीवी परदे में, तो मोबाइल चार्ज रेेलवे कालोनी में
अलीनगर में दो माह से विद्युत दुर्व्यवस्था बेपटरी होने से इलेक्ट्रानिक उपकरण शो पीस बने हुए हैं। यहीं नहीं मोबाइल तक वार्डवासी नहीं चार्ज कर पा रहे हैं। मोबाइल चार्ज कराने को लेकर लोग बाजारों व रेलवे कालोनियों के लिए जा रहे हैं। वहीं टीवी भी परदे से ढंक दिया गया है। यह बात दीगर है कि केबल नेटवर्क वालों को प्रतिमाह एक से डेढ़ सौ रुपये फिजूल में दे रहे हैं।
इनसेट
साहूपुरी से मिले बिजली तोे बने बात..
अलीनगर वार्ड निवासी श्याम कृष्ण पांडेय और धनंजय पांडेय का कहना है कि चंदौली से विद्युत आपूर्ति हमेशा से लचर रही है। हल्की बारिश में तार टूटना तो आये दिन ट्रिप करना आम बात हो गई है। अगर साहूपुरी उपकेंद्र से विद्युत आपूर्ति होती की जाती तो अलीनगर में विद्युत समस्या से लोगों नहीं जूझना पड़ता।