चंदौली। धरौली चौकी क्षेत्र के खखड़ा गांव के समीप सोमवार को घरातियों को लेकर विवाह स्थल पर जा रहा ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। दुर्घटना में एक महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई जबकि दर्जन भर लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में अधिकतर महिलाएं शामिल हैं। सभी को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला के शव को अन्त्य परीक्षण के लिए जिला चिकित्सालय भेजकर अगली कार्रवाई में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार इलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत डेहरी खुर्द निवासी नथुनी चौहान की दो पुत्रियों की शादी की तैयारी सोमवार को मुख्यालय स्थित मां काली मंदिर में चल रही थी। विवाह समारोह में शामिल होने के लिए घराती पक्ष से दो दर्जन महिलाएं और बच्चे ट्रैक्टर-ट्राली पर सवार होकर शादी स्थल के लिए रवाना हुए। ट्रैक्टर जैसे ही धरौली चौकी क्षेत्र के खखड़ा-बगहीं गांव के समीप पहुंचा कि अचानक किसी वाहन के सामने आ जाने से चालक ने ट्रैक्टर को मोड़ दिया। इससे अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर खाईं में पलट गया और ट्राली में सवार लोग उसी के नीचे दब गए। इस दौरान पीछे से दूसरी ट्रैक्टर से आ रहे लोग और आसपास के ग्रामीण घटना स्थल की ओर दौड़ते हुए पहुंचे और किसी प्रकार लोगों ने ट्राली को खड़ा किया। मौके पर जुटे लोगों ने दबे लोगों को किसी तरह बाहर निकाला और टेंपो से लेकर जिला चिकित्सालय पहुंचे। जहां इलाज के दौरान तारा मिश्रा (40) की मौत हो गई। घायलों में प्यारी देवी (40), आशा देवी (35), जीरा देवी (50), उमादेवी (45), लालमनी (50), धनवंतरी देवी (35), बबिता (14), शांति (40), किरन (24), धनरशिद (28), अमित (8) शामिल हैं। इलाज के दौरान तारा मिश्रा की मौत हो गई। शादी की खुशी का माहौल मातम में तब्दील हो गया। शादी में शामिल होने वाले लोग जिला चिकित्सालय पहुंच अपने परिचितों का हाल चाल जानने में जुट गए। जैसे ही यह खबर तारा के परिजनों को हुई उनके यहां कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अन्त्य परीक्षण के लिए जिला चिकित्सालय भेज अगली कार्रवाई में जुट गई।