मुगलसराय। जिले में स्थापित चार नए उपकेंद्र सोमवार को चालू हो गए। इससे अब जनपद के लोगों को बेहतर बिजली आपूर्ति बंधने की आस बंधी है। धानापुर, सकलडीहा, रामनगर व चकिया में इनका उद्घाटन अलग अलग कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों ने किया। इनके चालू होने से जनपद की करीब बीस लाख की आबादी प्रभावित होगी।
धानापुर केंद्र पर पौने चौदह करोड़ खर्च
विधायक मनोज ने किया उपकेंद्र का उद्घाटन
धानापुर। कस्बा स्थित विद्युत उपकेन्द्र पर 13.70 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित 132 केवी उपकेंद्र का उद्घाटन सोमवार को दिन में 12 बजे क्षेत्रीय विधायक मनोज कुमार सिंह डब्लू ने फीता काटकर किया। सर्वप्रथम विधायक ने स्थानीय शहीद पार्क में शहीद स्मारक पर शहीदों को नमन किया। इस दौरान पूरे केन्द्र का निरीक्षण किया।
इस दौरान क्षेत्रीय विधायक ने कहा कि क्षेत्र में बिजली की समस्या को यह उपकेंद्र करेगा। उन्होंने कहा कि सकलडीहा से डेढ़ावल कमालपुर अमड़ा तक सड़क का कार्य दो महीने में समाप्त हो जाएगा। अन्य सड़कें भी बहुत जल्द दुरुस्त हो जायेंगी। सपा जिलाध्यक्ष सत्यनारायन राजभर ने पार्टी के विकास कार्यों की चर्चा की। इस दौरान अंगद यादव, जमील खां जिद्दी, सुनील यादव, रामधनी यादव, रमेश यादव, बबलू, नंद कुमार राय, छोटेलाल यादव, शाहआलम खां आदि उपस्थित रहे। उपकेन्द्र पर विधायक का स्वागत उत्तर प्रदेश पावरटेक के अधिशासी अभियन्ता वीरेन्द्र यादव एवं पावरटेक के इंजीनियर प्रमोद कुमार भट्ट ने माल्यार्पण कर किया। वहीं उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन लिमिटेड के एसडीओ आरके गुप्ता, जेई एके वर्मा, राजकीय निर्माण निगम लिमिटेड के प्रोजेक्ट मैनेजर केके सिन्हा एवं कार्यदायी संस्था पावरटेक के इंजीनियर्स प्रमोद कुमार भट्ट, कुलदीप राज, सिद्धार्थ तिवारी सहित तमाम विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। अध्यक्षता सत्यनारायन राजभर एवं संचालन प्रोजेक्ट इंजीनियर सिद्धार्थ तिवारी ने किया।
इनसेट
लखनऊ से होगा कंट्रोल
धानापुर। धानापुर में नवनिर्मित 132 केवी उपकेन्द्र में स्कोडा आटोमैटिक सिस्टम है, जो पूर्वांचल के और किसी केन्द्र पर नहीं है। इस संबंध में टेक्नीशियनों का कहना है कि यह उपकेन्द्र रिमोट द्वारा सीधे लखनऊ से संचालित होगा। इसकी जानकारी और डाटा वहीं से संचालित होगी। इस संबंध में क्षेत्रीय विधायक मनोज सिंह डब्लू ने बताया कि इस उपकेन्द्र पर साहूपुरी के साथ-साथ मऊ से भी बिजली आपूर्ति होगी। वहीं प्रत्येक ट्रांसफार्मर में पांच-पांच लाख रुपये का दो रिले लगा है, जिसकी वजह से शार्ट सर्किट होने पर स्वत: आपूर्ति बन्द हो जायेगी। जीपीएस के द्वारा उपकेंद्र के आपूर्ति समय का रिकार्ड भी रखा जायेगा।
इनसेट-
बसपा कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन
धानापुर। नवनिर्मित उपकेन्द्र के उद्घाटन के अवसर पर बसपा कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि इस उपकेंद्र का शिलान्यास बसपा सरकार में विधायक सुशील सिंह के हाथों हुआ था, लेकिन उनके शिलापट्ट को गायब कर दिया गया। उन्होंने कहा कि यह उपकेन्द्र बसपा की देन है। विरोध प्रदर्शन करने वालों में मुख्य रूप से उदल बिन्द, रामकवल बिंद, लाल जी, रामधनी राम, श्यामबली, विजय शंकर, सहित तमाम लोग थे।
फोटो (अवश्य लगा लें)
ईमानदारी से कार्य करें अधिकारी: कैलाश
पंचायती राज मंत्री ने विद्युत उपकेंद्र का किया उद्घाटन
सकलडीहा। सूबे के पंचायती राज मंत्री कैलाश यादव ने सोमवार को कहा कि उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाने के लिए अधिकारियों को निष्ठा और ईमानदारीपूर्वक कार्य करना होगा। प्रदेश में बिजली व्यवस्था में सुधार के लिए 187 विद्युत उपकेंद्रों का लोकार्पण मुख्यमंत्री अखिलेश यादव द्वारा किया जा रहा है। इसमें जनपद के चार विद्युत उपकेंद्रों का निर्माण किया जा चुका है। इन उपकेंद्रों के संचालित होने से बिजली व्यवस्था काफी हद तक सुधरेगी। श्री यादव ने उक्त बातें सोमवार को सकलडीहा तहसील में बने 33 केवीए विद्युत उपकेंद्र के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते वक्त कहीं।
पंचायती राज मंत्री ने कहा कि 33 केवीए विद्युत उपकेंद्र की क्षमता पांच एमवीए है, जो 375.17 लाख की लागत से बनाया गया है। इसके निर्माण से तहसील मुख्यालय को जहां 18 घंटे बिजली मिलेगी, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में 12 घंटे बिजली आपूर्ति की जाएगी। कहा कि जर्जर और खराब ट्रांसफार्मरों के बदलने के लिए प्रदेश में बिजनेस प्लान के तहत जिलों से कार्य योजना मांगी गई है। विद्युत विभाग के अभियंताओं को हिदायत दी कि बिजली संबंधित समस्याओं का समाधान शीघ्रता से करें। लोगों को निर्धारित रोस्टर के मुताबिक बिजली आपूर्ति करें, ताकि लोग रोजमर्रा के कार्य करने के साथ ही खेती-किसानी का कार्य भी समय से संपादित कर सकें। पूर्व विधायक प्रभु नारायण सिंह यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार जनहित में तमाम योजनाएं संचालित कर रही है। बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सरकार विशेष ध्यान दे रही है। इसी क्रम में जनपद में चार नए विद्युत उपकेंद्र शुरू किए जा रहे हैं। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष छत्रबली सिंह, बाबूलाल यादव, श्याम नारायण यादव, संतोष विश्वकर्मा, विजेंद्र यादव, चकरू यादव, मुन्ना चौहान आदि उपस्थित रहे। संचालन रवींद्र प्रताप सिंह ने किया।
दस दिनों से जला है ट्रांसफार्मर
धानापुर। स्थानीय कस्बा स्थित मिश्रान टोला को आपूर्ति करने वाला 250 केवीए का ट्रांसफार्मर विगत दस दिनों से जला पड़ा है। ऐसा ट्रांसफार्मर में तेल न होने की वजह से हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि एक माह पूर्व से ही ट्रांसफार्मर में हो रहे तेल रिसाव की जानकारी विद्युत विभाग के कर्मचारियों को दे दी गई थी, लेकिन विभाग ने इसपर ध्यान नहीं दिया। इसका नतीजा यह रहा कि दस दिन हुए, ट्रांसफार्मर जल गया। शिकायत के बाद भी आज तक ट्रांसफार्मर नहीं बदला जा सका। ग्रामीण सुजीत जायसवाल, रियाजुददीन, कमलाकान्त मिश्र, अरविन्द मिश्रा सहित अन्य ग्रामीणें ने कहा कि शिकायत करने के बाद भी ट्रांसफार्मर का न बदला जाना अधिकारियों की लापरवाही को स्पष्ट रूप से दर्शा रहा है। जिससे आम जनजीवन व्यस्त हो गया है। उन्होंने बिजली विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराते हुए तत्काल ट्रांसफार्मर बदले जाने की मांग की है।