मुगलसराय। धानापुर क्षेत्र के श्रीकांतपुर गांव में खेल के मैदान, तालाब एवं खलिहान की सार्वजनिक जमीन पर अतिक्रमण करने के आरोप में लेखपाल की तहरीर पर रविवार को धानापुर थाने में तीन लोगों पर मुकदमा पंजीकृत किया गया।
गौरतलब है कि श्रीकांतपुर गांव के ही कुछ लोगों ने ग्राम पंचायत की जमीन पर वर्षों से कब्जा जमा रखा है, जो सरकारी अभिलेख में खलिहान, तालाब, होलिका दहन स्थल अंकित है। इस जमीन पर कुछ दबंग किस्म के लोग खेती करते आ रहे हैं। इस मामले को लेकर गांव के ही ओमकार तिवारी ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया था। जिस पर पांच साल पूर्व ही बेदखली का आदेश हो चुका था। लेकिन कोई कार्यवाही नहीं हुई। इस संबंध में गत पांच नवंबर को तहसील दिवस पर जिलाधिकारी के समक्ष ग्रामीणों द्वारा कार्रवाई के लिए दोबारा आवेदन किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी एनके सिंह ने तहसीलदार सकलडीहा को उक्त मामले की तत्काल जांच करवाते हुए कार्रवाई करने को कहा। तहसीलदार ने क्षेत्रीय लेखपाल एवं कानूनगो को मौके की जांच करके जमीन से कब्जा हटाने के लिए तीन अतिक्रमणकारियों पर कार्रवाई करने का आदेश दिया। जिस पर लेखपाल नन्दलाल की तहरीर पर गांव के ही श्रीप्रकाश, जयप्रकाश एवं ओमप्रकाश पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। इस संबंध में थानाध्यक्ष राम नरायन राम ने कहा लेखपाल की तहरीर पर तीन आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शीघ्र ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।