धीना। कमालपुर उपकेंद्र का ट्रासंफार्मर तेज आवाज के साथ शुक्रवार को फुंक गया। जिसके चलते क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। वहीं पेयजलापूर्ति पर भी इसका प्रभाव पड़ा। लोगों ने रात जाग कर बिताई। जबकि पानी नहीं मिलने से जहां सिंचाई बाधित हुई वहीं घरेलू काम काज पर भी असर पड़ा।
कमालपुर विद्युत उपकेंद्र का पांच एमवीए का ट्रांसफार्मर शुक्रवार को तेज आवाज के साथ फुंक गया। इससे ट्रांसफार्मर के एयर क्लीनर के रास्ते तेल रिसाव होने लगा था। ट्रांसफार्मर जल जाने के कारण क्षेत्र के दर्जनों गांवों की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई है। जिससे इस उमसभरी भीषण गर्मी मेें जहां लोगों के रात की नींद एवं दिन का चैन पूरी तरह से छिन गया है, वहीं पानी के अभाव में सूख रही धान कीछ फसलों को लेकर किसानों की चिंताएं कुछ ज्यादा ही बढ़ गई हैं। लोगों ने कहा कि बिजली की दुर्व्यव स्था से आमजन त्रस्त हो गए हैं। विभाग इस पर ध्यान नहीं दे रहा। विद्युत चालित उद्योग पर भी इसका असर पड़ा। ग्रामीणों का कहना है कि शिकायत के बाद भी विभागीय स्तर से कोई व्यवस्था नहीं की गई। नतीजतन शनिवार को भी दिनभर लोग बिजली के लिए परेशान रहे। ट्रांसफार्मर फुंक जाने से लोग हलाकान है। विभाग का दावा है कि ट्रांसफार्मर जल्द दुुरुस्त होगा। लेकिन सूत्रों की माने तो पांच दिन से पहले ट्रांसफार्मर के ठीक होने की संभावना नहीं दिखती। इससे गांव में सिंचाई के साथ ही अन्य कामों पर भारी व्यवधान पड़ेगा।
एसडीओ सुधीर श्रीवास्तव का कहना है कि वाराणसी से मैकेनिक को बुलवाकर ट्रांसफार्मर को दुरुस्त कराने का हर संभव प्रयास किया जाएगा। कहा कि ओवरलोड के चलते ही ट्रांसफार्मर फुंकने का सिलसिला जारी है।