मुगलसराय। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा का बिगुल शनिवार को बज गया। प्रथम दिन जनपद के दो परीक्षा केंद्रों पर 11 विद्यालयों के कुल 1251 परीक्षार्थियों की इंटरमीडिएट की अंग्रेजी व हाईस्कूल की पेंटिंग विषय की परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। इस दौरान परीक्षा नियंत्रक देखरेख की कमान खुद संभाले हुए थे। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए उड़ाका दल भी चक्रमण करते रहे। दूसरी ओर सुरक्षा व्यवस्था भी चौकस दिखी।
जनपद के मिनी महानगर स्थित केंद्रीय विद्यालय तथा दुलहीपुर स्थित सनबीम स्कूल को परीक्षा केंद्र बनाया गया था। केंद्रीय विद्यालय में परीक्षा को शांतिपूर्ण माहौल में कराने के लिए कुल 45 कक्ष निरीक्षक तैनात किए गए थे। उक्त विद्यालय में जनपद के सात स्कूलों का सेंटर पड़ा है। इसमें ब्रिजनन्दनी कांवेंट स्कूल, संत-अल-हनीफ, जवाहर नवोदय विद्यालय, यूनिवर्सल पब्लिक स्कूल, सेंट थामस स्कूल, एमएएसएस कमती कला शामिल हैं। प्रथम दिन इंटरमीडिएट के 550 परीक्षार्थियों ने अंग्रेजी विषय की परीक्षा दी। वहीं हाईस्कूल में एकमात्र परीक्षार्थी ने पेंटिंग विषय की परीक्षा दी। परीक्षाएं सुबह साढ़े दस से अपराह्न डेढ़ बजे तक चलीं। केंद्रीय विद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डा.एके सिंह ने बताया कि परीक्षाएं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई जा रही हैं। परीक्षा केंद्र में किसी भी परीक्षार्थी को मोबाइल और कैल्कुलेटर ले जाने की अनुमति नहीं है। बताया कि सोमवार को हाईस्कूल की गणित विषय की परीक्षा होगी। इसी प्रकार सनबीम स्कूल में चार स्कूलों एसजी पब्लिक स्कूल, मानस कान्वेंट स्कूल, केंद्रीय विद्यालय और लक्ष्मी पब्लिक स्कूल के छात्रों के अलावा व्यक्तिगत परीक्षार्थी भी सम्मिलित थे। इस केंद्र पर शनिवार को 700 से अधिक परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी।