चंदौली। रमगढ़वां और पैतुआं गांव के किसानों ने बुधवार को श्रमदान करके पिपरपतियां-चनहटा माइनर की एक किमी तक सफाई की। ग्रामीणों ने नहर से झाड़-झंखाड़ और कूड़ा-करकट बाहर निकाला। साथ ही किनारों पर जमी घास को भी साफ किया। इस सफाई अभियान के पीछे मंशा यह थी कि टेल के किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी मिल सके।
चंद्रप्रभा डिवीजन से निकली पिपपतियां-चनहटां माइनर सफाई के अभाव में झाड़-झंखाड़ से पट गई थी। इसके चलते माइनर का पानी टेल तक नहीं पहुंच रहा था। ऐसे में किसानों को फसल की सिंचाई के लिए तमाम तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता था। किसानों ने विभागीय अधिकारियों से कई दफा माइनर की सफाई के लिए गुहार लगाई, लेकिन इस दिशा में कोई भी सार्थक पहल नहीं की गई। इससे आजिज किसानों ने रमगढ़वा गांव में ग्राम प्रधान हरिनारायण के साथ बैठक की। इसमें निर्णय लिया गया कि बुधवार को किसान स्वयं श्रमदान करके माइनर की सफाई करेंगे, ताकि टेल के किसानों को सिंचाई के लिए पानी की किल्लत न झेलनी पड़े। बुधवार की सुबह रमगढ़वां व पैतुआं गांव के ग्रामीण भारी संख्या में जुट गए। इसके बाद किसानों ने नहर में उतरकर झाड़-झंखाड़ और कूड़ा निकालने का कार्य शुरू किया। किसानों ने संयुक्त प्रयास से करीब एक किलोमीटर तक माइनर की सफाई की। इसमें छोटेलाल चौहान, अनुग्रह सिंह, रामाश्रय, महेंद्र पासवान आदि किसानों ने सहयोग किया।