मुगलसराय। एक सप्ताह बाद शनिवार को दिन भर धूप खिली रही। इससे दिन में ठंड का असर कुछ कम हुआ लेकिन शाम होते ही फिर गलन तेज हो गई। शनिवार को अधिकतम 19 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम सात डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। खिली धूप में लोग दिन में बाहर निकले। इससे बाजार में रौनक रही। वहीं शाम को लोग फिर से रजाई में दुबक गए अथवा अलाव की शरण में पहुंच गए।
नए वर्ष का आगाज कोहरे और शीतलहरी के बीच हुआ। शुक्रवार को तो दिन भर घना कोहरा छाया रहा, हालांकि देर रात मौसम साफ हुआ। शनिवार की सुबह कोहरा न होने से सुबह आठ बजे ही सूर्य के दर्शन हो गए। इससे तापमान की गिरावट में कमी आई। मौसम साफ होने की वजह से लोगों ने राहत की सांस ली और लोग घरों से बाहर निकले। नगरीय इलाकों के कई हिस्सों में तो लोगों ने दिन भर धूप में बैठे रहे। हालांकि आठ किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से चल रही हवा से परेशानी हुई। शाम होते ही एक बार फिर गलत तेज हो गई। इससे लोग घरों में कैद हो गए। हवाओं ने लोगों के हाड़ तक कंपा दिए। ठंड की वजह से सर्वाधिक परेशानी रात में घर से बाहर निकलने वालों को हुई। बस स्टैंड, रिक्शा स्टैंड, रेलवे स्टेशन परिसर में लोगों ने ठंड से बचने के लिए लोग अलाव की तलाश करते रहे। वहीं अलाव न मिलने पर इधर उधर से लकड़ी और कागज एकत्र कर जलाकर अलाव तापा। नगर में बाहर से आए यात्रियों ने स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया और जीटी रोड के किनारे स्थित लाल बहादुर शास्त्री पार्क में बने रैन बसेरा की शरण ली। वहीं ठंड की वजह से बाजार में गर्म, कप़ड़ों, रूम हीटल, ब्लोअर सहित इलेक्ट्रानिक उत्पादों की बिक्री बढ़ गई है। वहीं लकड़ी के कोयले की डिमांड भी तेज है। नगर के लाठ नंबर दो में एक दर्जन लकड़ी के कोयले की दुकानों पर भीड़ जुट रही है। यहां चालीस से साठ रुपये प्रति किलोग्राम की दर से कोयला बिक रहा है।
शहाबगंज (ब्यूरो)।थाना क्षेत्र के सारिंगपुर गांव निवासी महिला का शनिवार सुबह ठंड लगने के कारण इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। मौत कि सुचना से घर पर कोहराम मच गया। सारिंगपुर गांव निवासी हरवंश कि पत्नि बदामी देवी(50) शुक्रवार को ठंड की चपेट में आ गई। परिवार वालों ने इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां शनिवार की सुबह उसकी मौत हो गई।