धानापुर। कस्बा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर दवाओं की कमी और दुर्व्यवस्था की शिकायतें मिलती रहती हैं। शनिवार को मरीजों और उनके तीमारदारों ने हंगामा किया । आरोप लगाया कि अस्पताल में एंटी रैबिज इंजेक्शन उपलब्ध नहीं हैं। जिससे मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा हैं। प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. जेपी गुप्ता ने मामला बिगड़ता देख मरीजों को समझा बुझाकर शांत कराया।
शनिवार को कस्बा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर एंटी रैबिज का इंजेक्शन लगवाने पहुंचे महराई के राजेश, बसगावां के मिथुन, अमादपुर के श्यामनारायण, एवं धुन्नू यादव, नेगुरा के पंकज, किशुनपुरा के अजय गुप्ता, ओदरा की दुर्गावती, गुरेहू के शिवहरि, अहिकौरा के दिनेश आदि को स्वास्थ्य कर्मियों ने बताया गया कि इंजेक्शन खत्म हो गया हैं। इस पर मरीज और उनके तीमारदार दवा उपलब्ध कराने की मांग पर अड़ गए और हंगामा करने लगे। मरीजों का आरोप था कि एक सप्ताह में औसतन 50 मरीजों को एंटी रैबिज का इंजेक्शन लगाने का स्टाक मौजूद रहता हैं। लेकिन अभी तक अभिलेखों में मात्र 25 मरीजों को ही एंटी रैबिज का इंजेक्शन लगाया गया हैं। बावजूद इसके पूरी दवा स्टॉक से गायब हो गई। मरीजों के हंगामें की खबर लगते ही प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. जेपी गुप्ता मौके पर पहुंचे और मरीजों से सीएमओ से फोन पर बात कराई। सीएमओं पीके मिश्रा ने बताया कि एक दो दिन में पीएचसी पर एंटी रैबिज का इंजेक्शन उपलब्ध हो जाएगा।