बलुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत शेरपुर हुसेपुर गांव में मंगलवार को दोपहर में दूध गरम करते समय चूूल्हे से निकली चिंगारी से तीन मड़हे खाक हो गए। अगलगी में तीनों घरों में रखे दो लाख रुपये से अधिक के गृहस्थी के सामान जल कर राख हो गया। आस पास के लोगों की मदद से आग बुझाई गई। इस घटना में तीन परिवार के लोग खुले आसमान के नीचे आ गए। गांव के लोगों ने परिवार वालों को आर्थिक मदद देने की मांग की है।
गांव निवासी मकनू यादव के पुत्र संविदा पोस्टमैन जित्तन यादव और पारस यादव तथा फूलचंद यादव का पुत्र गिरधारी यादव के रिहायशी झोपड़ियां एक दूसरे से सटी हुई है। पारस और गिरधारी यादव भी मजदूरी कर गुजारा करते हैं। पारस यादव के घर में महिला चूल्हे पर दूध गर्म कर रही थी। इसी बीच हवा के झोंके से चूल्हे की चिंगारी छप्पर पर पहुंच गई और आग लग गई। परिवार के लोग जब तक कुछ समझते पूरे मड़हे में आग लग गई। आग की लपटे उठती देख परिवार के लोग किसी तरह घर से बाहर भागे। शोर सुनकर आस पास के लोग एकत्र हुए और आग बुझाने लगे। हवा तेज होने की वजह से आग बुझने के बजाए और तेज हो गई तथा जित्तन और गिरधारी के मड़ई तक आग पहुंच गई। लोगों ने पानी और मिट्टी फेंक कर एक घंटे के प्रयास के बाद आग बुझाई। हालांकि तब तक मड़ई में रखे नकदी, टीवी, बर्तन, आलमारी, बिस्तर, चारपाई, अनाज सहित दो लाख रुपये से अधिक मूल्य की संपत्ति जल गई। इस घटना में तीनों परिवार के लोग खुुले आसमान के नीचे आ गए। सूचना पाकर मारुफपुर चौकी पुलिस ने मौका मुआयना किया। चहनियां संवाददाता के अनुसार बलुआ थाना क्षेत्र के सहेपुर गांव में मंगलवार की भोर में रमेश शर्मा के मड़हे में अज्ञात कारणों से लगी आग में एक गाय जल कर मर गई जबकि भैस गंभीर रूप से झुलस गई।