पड़ाव। अघोरपीठ श्री सर्वेश्वरी समूह संस्थान देव स्थानम में तीन दिवसीय गुरु पूर्णिमा महोत्सव की तैयारी पूरी हो गई है। नौ जुलाई को सदगुरु के दर्शन पूजन के लिए देश और विदेश से भक्त जुटेंगे। यहां लगने वाले मेले के लिए दूर दराज से भक्त पहुंचने लगे हैं।
आश्रम के संयुक्त मंत्री ने तीन दिवसीय मेले का ब्योरा देते हुए बताया कि आठ जुलाई की सुबह छह से दस बजे तक सफाई और श्रमदान होगा जबकि रात आठ बजे से नौ बजे तक शाखा पदाधिकारियों से विचार विमर्श किया जाएगा। नौ जुलाई को सुबह सवा छह बजे से सवा सात बजे तक सर्वेश्वरी ध्वजोत्तोलन एवं सफल योनि पाठ, साढ़े सात बजे से गुरु दर्शन पूजन होगा। दोपहर में 12 बजे से तीन बजे तक प्रसाद वितरण और शाम पांच बजे से सात बजे तक विशिष्ट जनों एवं संत महात्माओं के प्रवचन होंगे। रात आठ बजे से नौ बजे तक भजन कीर्तन होगा। दस जुलाई को सुबह सात बजे से आठ बजे तक सफल योनि का सामूहिक पाठ, आठ बजे से दस बजे तक सर्वेश्वरी समूह का अखिल भारतीय वार्षिक अधिवेशन और शाम पांच बजे से सात बजे तक युवा एवं महिला सम्मेलन होगा। बताया कि इसके लिए तैयारियां तेजी से जारी है। आश्रम में आने वाली महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग अलग टेंट लगाया गया है। आश्रम के भक्त सुरक्षा, खाने पीने रहने की व्यवस्था देख रहे हैं।