चकिया। काशी वन्य जीव प्रभाग के तिलहरवां जंगल में पंडित दीनदयाल उपाध्याय जन्मशती पौधरोपण अभियान के तहत दीनदयाल उपाध्याय उपवन की स्थापना की जाएगी। इसके तहत शुक्रवार को जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों तथा वन अधिकारियों की मौजूदगी में दस हेक्टेयर में 6 से 8 फीट के पांच हजार बड़े पौधे रोपे जायेंगे।
भारतीय जनता पार्टी के चिंतक रहे पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जन्मशती को यादगार बनाने के लिए योगी सरकार ने प्रदेश के हर वन प्रभाग में पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति उपवन बनाने की कवायद शुरू की है। इस कवायद के तहत हर वन प्रभाग में उनके नाम पर पौधरोपण की योजना बनाई गई है। उप प्रभागीय वनाधिकारी जेपी सिंह के अनुसार चकिया रेंज के तिलहरवां जंगल में दस हेक्टेयर वन भूमि पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति उपवन के लिए आरक्षित की गई है। उन्होंने कहा कि इस उपवन में बड़े पौधो के लगाये जाने की योजना है ताकि पौधे जल्दी लग सके तथा जल्दी बढ़ सके।