धानापुर। क्षेत्र के सिहावल स्थित महामाया पॉलीटेक्निक ऑफ इनफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी परिसर में शुक्रवार को दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया।
इस दौरान परिसर में चल रहे महामाया पॉलीटेक्निक ऑफ इनफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी व संत रविदास राजकीय पॉलीटेक्निक चकिया के अलग-अलग विभाग के 76 मेधावी विद्यार्थियों को सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि सैयदराजा विधायक सुशील सिंह ने समारोह का शुभारंभ किया।
उन्होंने कहा कि उपाधि लेने वाले विद्यार्थियों के कंधों पर अब भविष्य को उज्जवल बनाने की जिम्मेदारी है। उन्होंने जितनी लगन के साथ यहां पढ़ाई की है, उसी लगन के साथ अपनी कौशल को समाज और राष्ट्र हित में लगाएं।
वर्तमान दौर में तकनीकी शिक्षा की मांग बढ़ गई है। देश तकनीकी से ही महान बन रहा है। इसीलिए हर विद्यार्थी को चाहिए कि वह तकनीकी ज्ञान जरूर हासिल करें ताकि किसी भी क्षेत्र में जाएं तो उन्हें रोजगार और नौकरी के लिए भटकना न पड़े।
उन्होंने कहा कि चार बिंदुओं पर विद्यार्थियों को जोर देना चाहिए। ज्ञान, नौकरी, सेवा और संस्कार इसी के जरिए समाज व देश का भविष्य बदलेगा। कॉलेज के समस्या को देखते हुए उन्होंने हाइमास्ट लाइट, स्वतंत्र फीडर से समस्या के समाधान का आश्वासन दिया।
प्रधानाचार्य अजय सिंह ने उपाधि पाने वाले विद्यार्थियों को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी। इस दौरान गोपाल बिंद, ब्लाॅक प्रमुख प्रतिनिधि विमल सिंह, अरविंद मिश्रा, अरुण जयसवाल, दिनेश सिंह, ओमकारनाथ यादव, आलोक सिंह आदि रहे।