चकिया में सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर का शिलान्यास कल
गृहमंत्री राजनाथ सिंह अपने गृह जनपद में रखेंगे आधारशिला
सीआरपीएफ के आईजी ने भी मौके का लिया जायजा
डीआईजी की निगरानी में तैयार हो रहा मंच और बैरिकेडिंग
अमर उजाला ब्यूरो
सचित्र-
चकिया। क्षेत्र के सोनहुल शाहपुर हाता तथा बुढ़वल गांवों के बीच में दो मार्च को गृहमंत्री राजनाथ सिंह सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर के निर्माण का शिलान्यास करेंगे। शिलान्यास और उनके आगमन के मद्देनजर गुरुवार को कार्यक्रम की तैयारियां तेज हो गई हैं। मंच से लेकर बैरिकेडिंग की जिम्मेदारी सीआरपीएफ ने अपने हाथ में ले रखी है। नक्सल क्षेत्र और सीमा पर आतंकी हमले के बाद सुरक्षा बल काफी सतर्ककता बरत रही हैं। सीआरपीएफ, जिला प्रशासन तथा भाजपा नेता सक्रिय रहे। सीआरपीएफ के डीआईजी एसएम हसनैन, जे.राजेंद्रन के साथ विधायक शारदा प्रसाद ने विभागीय अधिकारियों के साथ शिलान्यास की तैयारियों का जायजा लिया।
सोनहुल, शाहपुर हाता और बुढवल गांव में केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह की पहल पर 74 हेक्टेयर में सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर का निर्माण कराया जाना है। ग्रुप सेंटर के लिए भूमि अधिग्रहण का कार्य भी लगभग पूरा कर लिया गया है। ग्रुप सेंटर के निर्माण के शिलान्यास की तिथि आने के बाद से जिला प्रशासन तैयारियों में युद्ध स्तर पर जुट गया है। चिह्नित जमीन पर हेलीपैड, जनसभा मंच, सैल्यूट पैड के अलावा गृहमंत्री के लिए स्पेशल सूट का निर्माण लगभग पूर्ण कर लिया गया है। गुरुवार को दोनों डीआईजी ने सैल्यूट पैड पर जवानों के साथ परेड अभ्यास किया। जिला प्रशासन की ओर से मुख्य विकास अधिकारी डॉ. एके श्रीवास्तव, भाजपा जिलाध्यक्ष सर्वेश कुशवाहा, विधायक शारदा प्रसाद, अनिल सिंह, शिवतपस्या पासवान, उमाशंकर सिंह, आरपी सिंह, नागेश पांडेय, डॉ. प्रदीप मौर्य, अभिषेक मिश्र, संतोष सिंह, पंकज दुबे ने शिलान्यास स्थल पर पहुंच कर तैयारियों का जायजा लिया। देर शाम सीआरपीएफ के आईजी सुबाषचंद्र ने शिलान्यास स्थल पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान सीआरपीएफ के कमांडेट राजीव चौधरी, मुकेश तिवारी, जय सिंह, सीओ कुंवर प्रभात सिंह, लोक निर्माण विभाग के जेई सुचित पटेल रहे।