चंदौली। अखिल भारतीय संयुक्त विश्वकर्मा महासभा की ओर से रविवार को नगर के एक लॉन में महासम्मेलन आयोजित हुआ। इसमें वक्ताओं ने विश्वकर्मा समाज के उत्थान के लिए चर्चा की। साथ ही सरकार पर समाज के लोगों के साथ भेदभाव करने का आरोप लगाया। कहा कि समाज अपने सम्मान के लिए संघर्ष जारी रखेगा। चेताया कि आगामी चुनाव के दौरान विश्वकर्मा समाज नोटा का बटन दबाकर विरोध जताएगा। इस दौरान लोगों ने पुलवामा में शहीद सैनिकों के सम्मान में दो मिनट का मौन रखा और जिला अस्पताल तक पैदल मार्च किया।
कार्यक्रम में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक कुमार विश्वकर्मा ने कहा कि राजनीतिक लाभ के लिए सबसे अधिक विश्वकर्मा समाज को धोखा दिया गया। सभी दलों ने वोट लेने के बाद हमारे समाज के लोगों के साथ विश्वास घात किया। कहा कि हमारी मांग है कि दस्तकार शिल्पकार निगम का गठन, पांच प्रतिशत पृथक आरक्षण तथा विश्वकर्मा पूजनोत्सव पर सार्वजनिक अवकाश घोषित हो। रामनगर नगर पालिका परिषद की चेयरमैन रेखा शर्मा ने कहा कि समाज के लोगों को सबसे पहले शैक्षिक विकास जरुरी है। हम शिक्षा के बिना कोई भी लड़ाई नहीं जीत सकते है। कहा कि समाज के सभी लोग एक मंच पर एकजुट होकर अपनी ताकत दिखाएं। इसके बाद सभी राजनीतिक दल समाज के सामने घुटने टेकने पर मजबुर होगे। जिलाध्यक्ष श्रीकांत विश्वकर्मा ने कहा कि वर्तमान सरकार में सबसे अधिक जुल्म हमारे समाज के लोगों पर किया गया है। इसका बदला लेने के लिए समाज के लोग तैयार है। लोकसभा चुनाव में विश्वकर्मा समाज के लोग ईंट का जवाब पत्थर से देगा। इस दौरान सभासद मीना देवी, अमित विश्वकर्मा, महेंद्र विश्वकर्मा, राहूल, दरोगा, अजीत, अशोक रोशन विश्वकर्मा, कालिका, अवधेश, गुड्डू, सुधीर सहित विश्वकर्मा समाज के लोग उपस्थित रहे।