चकिया। सिखों के 10वें गुरु गोविंद सिंह के 352वें प्रकाशोत्सव पर्व पर रविवार को समुदाय के लोगों ने हर्षोल्लास के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली। शोभायात्रा में सुसज्जित रथ पर विराजमान गुरुग्रंथ साहिब की झांकी आकर्षण का केंद्र रही। शोभायात्रा में रथ के आगे चल रहे पंचप्यारे के रूप में छोटे-छोटे बच्चों ने लोगों का मन मोह लिया। वहीं खालसा गतका दल रतनगंज ,मिर्जापुर से आए कलाकारों ने शस्त्र विद्या के विभिन्न करतब दिखाकर लोगों की वाहवाही लूटी।
शोभायात्रा में चल रही महिलाएं रथ के आगे कारसेवा करते हुए चल रही थीं, वहीं ढ़ोल-नगाड़ों के बीच मुगलसराय की सबद- कीर्तन पार्टी के कलाकार दूसरे रथ से भजन सुना रहे थे। इसके अलावा मिर्जापुर से आई गतका पार्टी के कलाकार निहंग की पोशाक में शस्त्रकला का प्रदर्शन करते हुए तलवार बाजी, सोटी बाजी, पत्थर तोड़ना, नारियल काटना, मुंह से आग निकालना, लोहे की कील पर बैठना सहित कई करतब दिखा रहे थे। इस दौरान जंगबहादुर सिंह, राजेंद्र सिंह, सरदार सुजान सिंह, रामदुलारे सिंह, सरदार प्यारे सिंह, कुलवंत सिंह, राजकुमार सिंह, जोगिंदर सिंह, महेंद्र सिंह, रंजीत सिंह सहित कई सेवादार मौजूद रहे।