पीडीडीयू नगर। नागरिक सुरक्षा कोर एवं एंपावरमेंट सोसाइटी के संयुक्त तत्वाधान में तारनपुर गांव स्थित दैत्राबाबा मंदिर पर आयोजित निशुल्क स्वास्थ्य शिविर में चिकित्सकों की टीम ने 275 लोगों के स्वास्थ्य की जांच कर दवाएं दी गई। इस दौरान निराश्रित और असहायों के बीच कंबल का भी वितरण किया गया।
स्वास्थ्य शिविर का उद्घाटन नागरिक सुरक्षा कोर के चीफ वार्डन राजीव गुप्ता ने फीता काटकर किया। स्वास्थ्य शिविर में हड्डियों में कैल्शियम की जांच बीएमडी मशीन के माध्यम से हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. एसके वर्मा की देख-रेख में हुआ। सोसाइटी के सचिव डॉ. एके सिंह की देख-रेख में मधुमेह एवं रक्तचाप परीक्षण कर दवा निशुल्क वितरण किया गया। डॉ. एके सिंह ने कहा कि गरीबों की सेवा ईश्वर की सेवा है। सोसाइटी की वजह से अति पिछड़े क्षेत्रों में शिविर लगाकर लोगों के स्वास्थ्य का परीक्षण किया जा रहा है और दवाएं वितरित की जा रही है। यही नहीं शिविर के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य के बारे में जागरूक भी किया जा रहा है। समय से रोगों का पता चल जाने से इलाज में आसानी होती है। शिविर में 25 असहाय, निराश्रितों के बीच कंबल का वितरण किया गया। इस मौके पर नागरिक सुरक्षा कोर के अरविंद रस्तोगी ,राजेश तिवारी ,मनोज पाठक ,प्रमोद कुमार ,प्रदीप कुमार ,मनीष कुमार गुडडू राय, झिंटू सिंह, डॉ. विनोद मिश्रा, राकेश तिवारी मौजूद रहे।