चंदौली/पीडीडीयू नगर। कोरोना संक्रमण से छुटकारा पाने को शुक्रवार को चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को कोरोना की वैक्सीन लगाई गई। इस दौरान विभिन्न सरकारी अस्पतालों में बने 13 बूथों पर चिह्नित 1300 लाभार्थियों के सापेक्ष कुल 592 लोगों को वैक्सीन लगाई गई। वहीं बाकी लोगों के सेंटरों पर समय से नहीं पहुंचने से टीका नहीं लगाया जा सका।
पीडीडीयू नगर स्थित राजकीय महिला चिकित्सालय पर सुबह 10.35 बजे और भोगवारे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर करीब 11.15 बजे टीका लगाने की शुरूआत हुई। पीडीडीयू नगर में पहला टीका स्वास्थ्यकर्मी सर्वेश राय को लगाया गया। यहां 55 और भोगवारे में 47 लोगों को टीका लगाया गया। वहीं मुख्यालय पर जिला अस्पताल स्थित एमसीएच विंग के साथ सदर पीएचसी बूथ बनाए गए थे। इन बूथों पर चिह्नित 200 में कुल 137 स्वास्थ्य कर्मियों को वैक्सीन लगाई गई। इसमें एमसीएच विंग में बने सेंटर पर 100 के सापेक्ष 61 और सदर पीएचसी में बने बूथ पर 76 लोगों का टीकाकरण किया गया। इसकी शुरूआत एमसीएच विंग में बने वैक्सीनेशन सेंटर पर एसीएमओ डा. डीके सिंह को टीका लगाकर किया गया। इसके अलावा मुख्य चिकत्सिाधिकारी कार्यालय के स्वास्थ्य कर्मियों को वैक्सीन लगा। सीएमओ कार्यालय के कर्मी सुबह 10 बजे एमसीएच विंग में बने बूथ पर पहुंच गए। इसके बाद रजिस्ट्रेशन कक्ष में साढ़े 10 बजे नोडल अधिकारी के परिचय पत्र का मिलान कर रजिस्ट्रेशन के साथ प्रक्रिया शुरू की गई। इसके बाद बारी बारी से सभी कर्मियों ने रजिस्ट्रेशन कराने के बाद परिचय पत्र का मिलान कराया। वहीं थर्मल स्कैनिंग कर लोगों को वैक्सीन लगाने के लिए दूसरे कक्ष में भेजा गया। यहां सबसे पहले एसीएमओ एवं कोविड के नोडल अधिकारी डा. डीके सिंह को टीका लगाया गया। इसके बाद एसीएमओ डा. डीएन मिश्रा, डा. पीके चतुर्वेदी, डा. नीलम ओझा के अलावा सीएमओ कार्यालय में कार्यरत विद्युत प्रकाश, धनन्जय सिंह, प्रमोद पांडेय, संतोष सिंह, अशोक मिश्रा, पहचान राम, अशोक सिंह, निरंजन पांडेय, केपी सिंह, अतुल मिश्रा, अंजनी श्रीवास्तव, शरद मिश्रा सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मियों को वैक्सीन लगाए गए। इसके साथ ही कोरोना काल के दौरान पॉजिटिव हुए मनीष और गोरखनाथ को वैक्सीन लगाई गई। वैक्सीनेशन के बाद सभी को आधे घंटे के लिए निगरानी कक्ष में रखा गया। इस दौरान वैक्सीन लगे स्वास्थ्य कर्मियों को किसी भी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं हुई। टीकाकरण में एएनएम सुनीता यादव, हौसला देवी और प्रीति मद्धेशिया सहित छह सदस्यीय टीम लगी रही। इस दौरान पीएचसी प्रभारी पीपी उपाध्याय भी मौजूद रहे।
इनसेट
चंदौली। एमसीएच विंग में बने सेंटर पर लाभार्थियों का कोविड-19 टीकाकरण रिकार्ड कार्ड भी बनाया गया। कार्ड पर लाभार्थी का नाम, मोबाइल नम्बर, पता, वैक्सीन ब्रांड के नाम, पहली खुराक की तिथि आदि लिखकर लाभार्थियों को दिया गया।
इनसेट
निर्भीक होकर टीका लगवाएं, भ्रांतियों से दूर रहें
चंदौली/पीडीडीयू नगर। सीएमओ कार्यालय में कार्यरत मनीष और गोरखनाथ कोरोना काल के दौरान पाजिटिव हो गए थे। इन दोनों ने वैक्सीन लगाने के बाद कहा कि कोविड वैक्सीन से किसी को कोई डरने की जरूरत नहीं हैं। इससे किसी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं हुई। सभी को टीकाकरण करवाना चाहिए। वहीं पीडीडीयू नगर में स्वास्थ्यकर्मी सर्वेश राय ने टीका लगवाने बाद कहा कि वह स्वस्थ और सामान्य महसूस कर रहे हैं। सभी लोग टीक लगवाएं और भ्रांतियों एवं अफवाह से बचें और दूर रहें। वहीं चकिया में चिकित्सा प्रभारी डॉ. ऊषा यादव ने कहा कि कोरोना वैक्सीन लगने के बाद कोई दिक्कत नहीं है। लोगों को अफवाहों से बचना चाहिए और टीकाकरण कराएं।
स्वास्थ्य कर्मियों को लगा टीका
कंदवा। कोरोना से रोकथाम के लिए स्वास्थ्य कर्मियों को शुक्रवार को टीका लगाया गया। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बरहनी पर प्रभारी चिकित्साधिकारी बरहनी डा रितेश कुमार की देखरेख में पहला टीका आशा को लगा। तत्पश्चात अन्य स्वास्थ्य कर्मियों को भी वैक्सीनेशन कक्ष मे मौजूद आशा व रीना ने टीके लगाए। कुल 89 स्वास्थ्य कर्मियों को टीका लगाया गया।
37 स्वास्थ्य कर्मचारियों ने लगवाए टीके
चकिया। जिला संयुक्त चिकित्सालय परिसर में शुक्रवार को कोविड-19 टीकाकरण के लिए सुरक्षाकर्मियों के सुरक्षा के दौरान 11 बजकर 17 मिनट 45 सेकंड पर चिकित्सालय के मैनेजर डॉ दिलशाद अली ने सुरक्षाकर्मियों से अपने नामों का लिस्ट देखकर सेनीटाइज कराते हुए टीकाकरण के लिए बनाए गए स्थल पर प्रवेश किया। इस दौरान चिकित्सालय के सीएमएस डॉ उषा यादव, डॉ सी पी कश्यप, डॉ अनिल पांड,े डॉ आर आर यादव, डॉ पीएन यादव सहित 37 स्वास्थ्य कर्मचारियों ने कोविड-19 के तहत प्रथम टीकाकरण कराया। वहीं स्वास्थ्य कर्मचारियों ने टीकाकरण का कार्ड भी प्राप्त किया। वहीं दूसरी ओर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के एनआरएचएम भवन परिसर में पुलिस सुरक्षा कर्मी के सुरक्षा में 10 बजकर 51 मिनट 8 सेकंड पर चकिया विकास खंड के नसरथा गांव निवासी तथा उसी गांव की आशा कार्यकत्री सुनीता शर्मा को प्रथम टीका लगाया गया टीका लगाने का कार्य एएनएम रत्न सुधा ने किया। एनआरएचएम भवन में आंगनबाड़ी तथा आशा कार्यकर्ता ने टीके लगाए। इस दौरान स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्साधिकारी डॉ सुजीत कुमार, डब्ल्यूएचओ के मॉनिटर अमित कुमार सिंह, डॉ विनोद गुप्ता, डॉ जयराम शमार्, विभा सिंह मौजूद रहे।
शहाबगंज में 69 स्वास्थ्य कर्मियों में लगा कोविड-19 का टीकाशहाबगंज। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर शुक्रवार को 69 स्वास्थ्य कर्मियों को टीका लगाया गया। टीकाकरण के लिए 115 स्वास्थ्यकर्मियों का रजिस्ट्रेशन कराया गया था जिसके सापेक्ष 69 स्वास्थ्य कर्मियों में सकुशल टीकाकरण किया गया। इस दौरान प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. हरिश्चंद्रा, डा संदीप गौतम, अमर सिंह, दिनेश यादव, हरिद्वार उपस्थित रहे।
सीएचसी पर 80 लोगों को लगाया गया टीका
नौगढ़। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगढ़ पर स्वास्थ्यकर्मियों को टीका लगाया गया।कोरोना टीकाकरण में चिकित्सक व महिला स्वास्थ्य कर्मियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। अधीक्षक डॉ. अवधेश पटेल की देखरेख में टीकाकरण की शुरुआत हुई। इस दौरान 100 लोगों में से 80 कर्मियों को टीका लगाया गया। टीकाकरण टीम में सुशीला देवी, सारिका शाह शामिल रहीं। पहला टीका कोविड-19 का जंग जीत चुके अधीक्षक अवधेश पटेल ने लगवाया। अगस्त माह में वह कोरोना पॉजिटिव हुए थे। कहा कि टीके के प्रति कोई भय या आशंका कभी नहीं रही। इनकी पत्नी राजलक्ष्मी सिंह ने भी टीके लगवाए। डा. सुनील सिंह और मृत्यंजय सिंह ने बताया कि वैक्सीनेशन लगवाने का उद्देश्य ही यह था कि लोगों के मन से झिझक को दूर किया जाए। सौभाग्यशाली हूं कि मुझे टीका लगा है। इससे अन्य स्वास्थ्य कर्मी वैक्सीनेशन के लिए आगे आएंगे।
कोरोना से एक की मौत, 13 हुए स्वस्थ, नहीं मिले मरीज
पीडीडीयू नगर। कोरोना के शुक्रवार को कोई नए मरीज नहीं मिले। जबकि 13 लोग स्वस्थ होकर घर लौटे हैँ। जबकि इलाज के दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई है। पूर्व में आये पॉजटीव व्यक्तियों की कान्टैक्ट ट्रेसिंग की जा रही है। कोविड जॉच के लिए शुक्रवार को 1 068 नमूने संग्रहित किये गए। जिले में कोविड के कुल 4843 संक्रमित केस मिल चुके हैं। जबकि एक्टिव केस की संख्या 35 है। वहीं 4743 स्वस्थ्य हो चुके है जबकि कोरोना से 65 की मौत हो चुकी है।
रिपोर्ट राकेशंचद्र यादव, सुनील, रामाशीष, विजय, शीतला राय, अशोक