पीडीडीयू नगर। जिले के किसानों को धान की खेती के लिए खाद की कमी नहीं होने देने को लेकर कृषि विभाग की ओर से जिले में खाद विभिन्न केंद्रों पर पहुंचने लगी है। इस क्रम में 563 एमटी डीएपी पीसीएफ और थोक दुकानदारों के गोदामों में पहुंच चुकी है। जल्दी ही खाद का वितरण शुरू किया जाएगा।
वाराणसी के शिवपुर से खाद की रैक से पिछले दिनों 1600 मीट्रिक टन डीएपी जिले में आई थी। इसमें से एक हजार 37 मीट्रिक टन खाद का वितरण किसानों में किया जा चुका है। बाकी 563 मीट्रिक टन डीएपी कृषि विभाग की ओर से पीसीएफ और निजी क्षेत्र के थोक दुकानदारों के गोदामों में पहुंचा दी गई है। इसमें 203 मीट्रिक टन खाद पीसीएफ और 360 मीट्रिक टन खाद निजी क्षेत्र के गोदामों में भेजवा दी गई है। यहां से जिले की 83 समितियों के माध्यम से किसानों को खाद बेची जाएगी। जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार यादव ने बताया कि लगभगसभी सोसायटियों ने खाद खरीदने के लिए सहकारिता विभाग में धनराशि जमा करा दी है। जिस सोसायटी ने अभी तक धनराशि नहीं जमा की है, उनके हिस्से की डीएपी बर्थरा में बने बफर गोदाम में रखवा दी गई थी। बाकी सोसायटी पर डीएपी भेजवा दी गई है। यहां से खाद फुटकर खाद बिक्री केंद्रों पर पहुंचेगी, जहां से इसे किसानों में वितरित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सभी थोक विक्रेताओं को किसानों को बेची गई खाद के बदले रसीद आवश्यक रूप से उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। ऐसा नहीं करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।