चंदौली स्थित महेंद्र टेक्निकल इंटर कॉलेज में कंपार्टमेंट परीक्षा के लिए जुटे परीक्षार्थी। स्र
पीडीडीयू नगर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की कम्पार्टमेंट एवं इंप्रूवमेंट परीक्षा मंगलवार को जिले के एकमात्र परीक्षा केंद्र महेंद्र टेक्निकल इंटर कॉलेज में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हुई। परीक्षा में हाईस्कूल में 32 और इंटर में 23 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा केंद्र पर सभी कक्षों की निगरानी सीसीटीवी कैमरों से की गई, जबकि स्टेटिक मजिस्ट्रेट एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट लगातार निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे।
परीक्षा दो पालियों में आयोजित हुई। पहली पाली में हाईस्कूल में पंजीकृत 629 परीक्षार्थियों में से 597 उपस्थित रहे, जबकि 32 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। दूसरी पाली में इंटरमीडिएट की परीक्षा आयोजित हुई। इसमें पंजीकृत 488 परीक्षार्थियों में से 465 ने परीक्षा दी, जबकि 23 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। डीआईओएस धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। परीक्षा केंद्र पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से हर गतिविधि पर नजर रखी गई। इसके अलावा स्टेटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं केंद्र व्यवस्थापकों ने लगातार निगरानी कर परीक्षा को सकुशल संपन्न कराया।