सकलडीहा। सकलडीहा सीएचसी पर शनिवार को सुबह पहुंचे मरीजों ने घंटों इंतजार के बाद रैबीज का इंजेक्शन न लगने पर हो हल्ला मचाया। वे इंजेक्शन लगाने में चिकित्सक और स्वास्थ्य कर्मियों पर मनमानी करने का आरोप लगा रहे थे। हंगामे की सूचना पर पहुंचे सीएचसी अधीक्षक ने समस्याओं का समाधान कराने का आश्वासन देकर मरीजों को शांत कराया।
मरीजों ने आरोप लगाया कि सुबह से वे सीएचसी पर डाक्टर और स्वास्थ्य कर्मियों के परामर्श व जांच का इंतजार करते हैं। डाक्टर व अन्य कर्मियों के आने के बाद भी इंजेक्शन लगाने व परामर्श देने में टालमटोल किया जाता है। बताया कि कई माह से एक्सरे मशीन खराब पड़ी है। जांच के लिए मरीजों को निजी जांच घरों में भेज दिया जा रहा है। दवा भी बाहर से ही लेने को विवश किया जाता है। आक्रोशित मरीजों ने सुबह घंटों इंतजार के बाद भी रैबीज इंजेक्शन न लगने पर नारेबाजी की। विलंब से पहुंचे सीएचसी अधीक्षक आरबी शरण ने मरीजों को दवा व इंजेक्शन दिलाने का आश्वासन देकर शांत कराया। उन्होंने बताया कि अस्पताल में दवा का कोई अभाव नही है। रैबीज इंजेक्शन कंडीशन देखकर लगाया जाता है।