कंदवा। क्षेत्र के बरहनी गांव में गुरुवार की रात मुख्य गली में बिजली के तार टूट कर आपस मे फंस गए। इसके बाद हाई वोल्टेज प्रवाहित होने के कारण दर्जनों घरों में रखे विद्युत उपकरण जल उठे। सूचना के बाद भी बिजली विभाग ने शुक्रवार की देर शाम तक टूटे हुए तारों की मरम्मत नहीं कराई, जिसे लेकर ग्रामीणों में काफी रोष था।
गांव के दक्षिण तरफ स्थित 63 केवीए के विद्युत ट्रांसफार्मर से लगभग आधे गांव की विद्युत आपूर्ति होती है। दो दिन पूर्व भी जर्जर होने के चलते तार टूट कर जमीन गिर गया था लेकिन उसके बाद भी विद्युत विभाग नहीं चेता। गुरुवार की रात तारों के टूटने व आपस में फंसने के चलते अचानक हाई वोल्टेज हो जाने से नितिन सिंह, बंटी तिवारी, हलचल सिंह, सौरभ सिंह, बबलू सिंह, पप्पू सिंह, दिलीप साह, मुन्ना राम आदि के लोगों के घरों में लगे विद्युत संचालित उपकरण जल गए। विद्युत कर्मियों को सूचना देने के बाद भी शुक्रवार की देर शाम तक कोई भी कर्मी टूटे तार को जोड़ने के लिए मौके पर नहीं पहुंचा। टूटा तार मुख्य गली में पूरे दिन पड़ा रहा। ग्रामीण सुनील सिंह, संजय सिंह, अंजनी सिंह, भगवती त्रिपाठी, गुलाब सिंह, अशोक वर्मा आदि ने आरोप लगाया कि बिजली विभाग की लापरवाही से किसी दिन बड़ी घटना घट सकती है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी का ध्यान आकृष्ट कराते हुए गांव में जर्जर तारों को बदलवाने की मांग की है।